मांझी। मांझी जैतपुर वाया सोनबरसा पथ के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण एकबार फिर आंदोलन करेंगे। ग्रामीणों ने स्थानीय।देवी माई। पेड़ के नीचे शपथ लेकर आंदोलन का आगाज किया। छपरा सदर एसडीओ को ज्ञापन देकर ग्रामीणों ने इस आशय की घोषणा की है। धर्मात्मा सिंह नामक ग्रामीण के हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले पांच मार्च को ग्रामीणों ने प्रखंड मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन आयोजित कर उक्त जर्जर सड़क के शीघ्र निर्माण की मांग की थी। तब प्रशासन ने सड़क निर्माण का आश्वासन दिया था। प्रशासन द्वारा आश्वासन पर अमल नही किये जाने से नाराज ग्रामीणों ने विगत लोकसभा चुनाव में तीन बूथों पर मतदान का बहिष्कार कर दिया था। बावजूद इसके उक्त सड़क निर्माण की दिशा में प्रशासन अथवा प्रतिनिधियों द्वारा अबतक कोई ठोस कारवाई नही की गई। नाराज ग्रामीणों ने समाजसेवी अमरनाथ तिवारी की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित कर 18 मार्च को प्रखंड मुख्यालय पर धरना व प्रदर्शन की घोषणा की है। ग्रामीणों ने बताया कि यदि सड़क निर्माण नही हुआ तो विगत लोकसभा चुनाव की भांति आगामी विधान सभा चुनाव में भी मतदान का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा तथा प्रभावित गांवों में नेताओं के प्रवेश पर पावंदी लगा दी जाएंगी।