सिवान :28 करोड़ का होगा नगर परिषद का बजट
#रिपोर्ट-परवेज अख्तर /सिवान
सिवान :इस बार के नगर परिषद के बजट में मुख्य रूप से नगर परिषद क्षेत्र व विभिन्न वार्ड के विकास के साथ होल्डिंग टैक्स बढ़ाने व प्रशासनिक व्यय पर केन्द्रित होगा। मौजूदा नगर परिषद बोर्ड की 19 मार्च को होने वाली बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी बसंत कुमार बोर्ड का पहला बजट पेश करेंगे। बजट की कुल राशि इस बार 27 करोड़ 61 लाख 80 हजार रुपये की है। बोर्ड की बैठक में बजट प्रस्तुत करने के बाद इसका अनुमोदन भी इसी दौरान सशक्त स्थायी कमेटी द्वारा की जायेगी। हालांकि अंतिम स्वीकृति के लिए विभागीय अधिकारी बजट को नगर आवास एवं आवास विभाग को पटना भेजेंगे। कहा जा रहा है कि इस बार के बजट में सबसे अधिक राशि नगर परिषद क्षेत्र में विभिन्न मद से वसूली जाने वाली राशि पर होगा। इसमें बस व टेम्पो स्टैंड के साथ ही सैरात व बंदोबस्ती से नगर परिषद को होने वाली वसूली शामिल है। हालांकि बजट में राशि का एक बड़ा हिस्सा नगर परिषद क्षेत्र में आने वाले आवास के होल्डिंग टैक्स पर ही रहेगा। विभागीय अधिकारी का कहना है कि नगर परिषद में दोनों ही क्षेत्र आय का एक बड़ा माध्यम है, लिहाजा इनकी राशि को प्रमुखता दी जायेगी। वहीं नगर परिषद के विकास जैसे कि वाहन व कर्मियों के वेतन पर भी बजट में खास ध्यान रखा गया है। इसके लिए सम्मानजनक राशि भी आवंटित की गई है। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी बसंत कुमार ने बताया कि नगर परिषद के वर्तमान बोर्ड की पहली बजट में नगर परिषद के अधीन चलने वाले वाहनों के लिए तेल, कर्मियों व अधिकारियों को दिए जाने वाले अग्रिम ऋण, नगर परिषद के तहत होने वाले निर्माण कार्य व अन्य मद में राशि आवंटित की गई है। बजट में विभिन्न मद में कितनी राशि आवंटित की गई है, इसका खुलासा सशक्त स्थायी कमेटी द्वारा बजट के अनुमोदन के बाद किया जायेगा।