सिवान :सघन वाहन जांच से हड़कंप
#परवेज़ अख्तर/सिवान :
पुलिस अधीक्षक नवीन चंद्र झा के निर्देश पर शुक्रवार से जिले में सघन वाहन जांच अभियान की शुरुआत सभी थाना क्षेत्रों में शुरू की गई। शहर में विभिन्न चौक चौराहों पर मुफ्फसिल और टाउन थाना सहित सराय और महादेवा ओपी ने भी अपने अपने क्षेत्रों में वाहन जाचं अभियान चलाया। मैरवा रोड में दारोगा राय कॉलेज के समीप मुफ्फसिल थाना द्वारा वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान दो पहिया वाहन में अपाची सहित हाई स्पीड की गाड़ियों की चेकिंग की जा रही थी। इन गाड़ियों के चालकों को रोककर उनसे गाड़ी से संबंधित कागजात के साथ हेलमेट की भी मांग की जा रही थी। जिन चालकों के पास वाहन संबंधित कागजात नहीं थे उनकी गाड़ियों को जब्त कर चालान काटा जा रहा था। इधर शहर के प्रवेश द्वार पर ही वाहन चेकिंग देख बिना कागजात के वाहन चलाने वालों में हड़कंप मच गया। वे किसी तरह गांव के रास्ते शहर में प्रवेश कर रहे थे। इधर शहर में गोपालगंज मोड़ समीप भी वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसके बाद नगर थाना द्वारा बबुनिया मोड़, आंदर ढाला ओवरब्रिज समीप भी वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बाइक चालकों में हड़कंप मचा हुआ था।