
सिवान में पुलिस ने किया मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन,कई हथियार बरामद
◆पुलिस की छापेमारी में हथियार बनाने वाली मशीन भी जप्त

सीवान(जनादेश) ।सीवान पुलिस को शुक्रवार की रात बड़ी सफलता हाथ लगी है।पुलिस ने अवैध हथियारों के निर्माण करने वाले रैकेट का भंडाफोड़ किया है। साथ ही इस धंधे में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरहन गोपाल गांव में शुक्रवार की रात्रि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया।गन फैक्ट्री से पुलिस ने हथियार बनाने वाली मशीनों को बरामद किया है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों में नगर थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर निवासी बबलू शर्मा दूसरा फतेहपुर निवासी अंशु कुमार और तीसरा हथियार का निर्माण करने वाले कारीगर बरहन गोपाल गाँव निवासी मुक्तिनाथ शर्मा हैं।मिली जानकारी के अनुसार नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार की रात्रि शास्त्री नगर मोहल्ले में अवैध हथियार तस्करी की सूचना पर छापेमारी किया जहां बबलू कुमार शर्मा के घर से एक कट्टा और 20 गोली बरामद की गई।पुलिस ने बबलू शर्मा से पूछताछ करना शुरू किया। तभी बबलू ने एक और हथियार तस्कर का नाम अपने जुबां पर रखा जिसके बाद पुलिस ने फतेहपुर अंशु कुमार के घर छापेमारी किया जहां एक 12 बोर का कट्टा और एक गोली बरामद की गई।दोनों तस्करों से पूछताछ के दौरान पुलिस ने यह जानकारी लेने की कोशिश की कि तुम लोग यह हथियार कहां से लाते हो। तब उसने हथियार निर्माण कारीगर का नाम रखते हुए कहा कि हम लोग मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरहन गोपाल निवासी कारीगर मुक्तिनाथ शर्मा के यहां से यह सभी हथियार लाते हैं।उसी वक्त एसडीपीओ जितेंद्र पांडे,नगर इंस्पेक्टर जय प्रकाश पंडित,मुफस्सिल थानाध्यक्ष ददन सिंह के नेतृत्व में छापेमारी की गई तो पुलिस ने काफी संख्या में हथियार बरामद किया और मौके से मुक्ति नाथ शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया।जिसके बाद पुलिस ने जिस मकान में हथियार रखा हुआ था उस मकान की एक रूम को सील कर दिया और शनिवार की दोपहर एसडीपीओ जितेंद्र पांडे के नेतृत्व में नगर थाना,मुफस्सिल थाना,महादेवा ओपी, जिरादेई थाने की पुलिस पहुंचकर सारी मकान को खंगालते हुए सभी हथियार को बाहर निकालकर अपने साथ लेकर चली गई।
अपराधियों को बेचते थे हथियार
आरोपी अपराधियों को हथियार सप्लाई भी करते थे।पुलिस की माने तो गिरफ्तार आरोपियों में से दो आरोपी पेशेवर हथियार सप्लायर हैं। गिरफ्तार अपराधी से अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर तस्करों ने किन-किन अपराधियों को हथियार बेची है।अब पुलिस इन तस्करों से हथियार का खरीदने वाले अपराधियों की तलाश में जुट चुकी है।पुलिस का दावा है कि उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
ऑर्डर मिलने पर करते थे काम
पुलिस ने यह भी पता लगाया है कि जब आरोपियों को बंदूक बनाने का ऑर्डर मिलता,तब ये औजार बनाने में जुट जाते थे।हथियार निर्माण कारीगर बरहन गोपाल अपने निवास स्थान पर हथियार बनाता था जहां से वह उनका सप्लाई भी करता था। बदमाश आरोपियों से हथियार लेने के लिए संपर्क करते, जिसके बाद आरोपी बदमाशों को हथियार सप्लाई करते थे।
गिरफ्तार कारीगर किसी अन्य के घर करता था काम
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार हथियार निर्माण कारीगर मुक्तिनाथ शर्मा पहले किसी गन हाउस में वह मरमती का कार्य करता था जो अब खुद ही हथियार निर्माण कारीगर बन गया था। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इसके पिता भी अच्छे कारीगर थे जो हथियार का कुंदा बनाने के काम करते थे। लेकिन ग्रामीणों को यह भनक नहीं थी कि मुक्तिनाथ शर्मा घर में ही मिनी गन फैक्ट्री खोल चुका है और अवैध हथियार निर्माण का कार्य कर रहा है। पुलिस की वाहन जैसी ही पहुंची ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।जब ग्रामीणों को पता चला कि घर के अंदर ही मिनी गन फैक्ट्री है तो पूरा गांव में दहशत फैल गया।




Recent Comments