सिवान :खेड़ाय डकैतीकांड में शामिल डकैत धराया
#परवेज़ अख्तर/सीवान:जिले के आंदर थाना क्षेत्र के खेड़ाय गांव में हुई डकैती मामले में एसपी के निर्देश पर एसआईटी ने एक डकैत को गिरफ्तार किया है। बुधवार की रात एसआईटी की टीम ने आंदर के बरवा गांव में छापेमारी कर वासूदेव यादव के पुत्र नन्हें यादव को गिरफ्तार किया है। इसके बाद उसे लेकर सीवान आ गई। एसआईटी के पास नन्हें की हर गतिविधि की पुख्ता जानकारी पहले से थी। यही कारण है कि छापेमारी करने व नन्हें की गिरफ्तारी के बाद तक गांव के अधिकांश लोगों को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। एसपी नवीनचंद्र झा ने बताया कि पूछताछ में नन्हें ने डकैतीकांड में अपनी भूमिका स्वीकार की है। इसके अलावा इलाके के दूसरे अपराध में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस इसके साथी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। गौरतलब है कि पिछले महीने 15 मार्च की रात करीब 11 बजे 15 से बीस हथियारबंद डकैतों ने खेड़ाय गांव के दिनेश कुशवाहा के घर डकैती की थी। इस दौरान 45 हजार नगद, सोने का हार, 12 पीस सोने का चैन, 3 पीस सोने का मंटीका, 6 पीस सोने का झुमका, 3 पीस कान का टॉप्स समेत लाखों की डकैती की थी। विरोध करने पर डकैतों ने परिवार के लोगों के साथ मारपीट की थी।