सारण :मनरेगा योजना के तहत कराये गये कार्यो में अनियमितता बरतने को लेकर ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन 


अमनौर /सारण 

अमनौर प्रखंड के मनोरपुर पंचायत स्थित बलडीहा गांव में लाखों की लागत से  मनरेगा योजना से कराये गये ईट्टीकरण व मिट्टीकरण कार्य में अनियमितता बरते जाने के खिलाफ स्थानीय लोगों ने  प्रदर्शन किया. प्रदर्शन करने वाले रामदेव पंडित ,रामबाबू सिंह , रंजन कुमार सिंह, कृष्णा शर्मा , ब्रजेश कुमार , सुनील राय  , प्रमोद सिंह , नीरज प्रसाद , नकूल कुमार ,रौशन यादव, मुलाजिम आलम सहित दर्जनों लोगों ने  आरोप लगाते हुए कहा कि  बलडीहा मीडिल स्कूल के पास से आलोक राय के घर तक  जो मनरेगा योजना के तहत कार्य कराया गया है उसमें काफी अनियमितता बरती गई है. जहां मिट्टीकरण आधे -अधुरे कराकर छोड़ दिया गया है वहीं पुलिया निर्माण नहीं कराये गये हैं. जिसको लेकर आये दिन इस रास्ते  आने -जानेवाले राहगीरों के साथ – साथ कई वाहन दुर्घटना के शिकार होते हैं. मालूम हो उक्त  पुलिया पहले से ही क्षतिग्रस्त है. लोगों ने बताया कि जहां एक ओर ईट्टीकरण व मिट्टीकरण  जैसे तैसे कराया गया वहीं दूसरी ओर  पहले से क्षतिग्रस्त पुलिया का निर्माण नहीं कराया गया.  जिसकी शिकायत कई बार स्थानीय प्रशासन से की गयी बावजूद  किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया. इधर इस मामले में पीटीएस सह जेई शशि कुमार ने बताया कि आधे -अधुरे कार्य निर्माण के वजह से एमबी बूक नहीं किये गये है. जब तक पुलिया निर्माण कार्य पूरा  नहीं होगा तब तक आवंटित राशि निर्गत नहीं किये जायेंगे.