मढ़ौरा(सारण).स्थानीय प्रखंड के शिल्हौरी गांव में रविवार को निःशुल्क फलदार पौधा वितरण और ‘विशिष्ट व सहयोगी सम्मान समारोह-2026’ का आयोजन किया गया. “एक पौधा लगाएं- पर्यावरण बचाएं, फलदार वृक्ष लगाएं- भविष्य सजायें” के मुख्य संदेश के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोगों को फलदार पौधे निःशुल्क वितरित किए गए. कार्यक्रम का शुभारंभ परम सत्य जनकल्याण ट्रस्ट से जुड़े वासुदेव प्रसाद सिंह, डॉ. सी.पी. यादव और दिनेश कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.इस दौरान संस्था के संस्थापक सह सचिव दिनेश कुमार गुप्ता तथा अध्यक्ष चंदन कुमार यादव ने “हर घर फलदार वृक्ष” और “हर गांव हरियाली” का संकल्प दोहराया.उन्होंने बताया कि ट्रस्ट स्वास्थ्य, शिक्षा, रोज़गार, पर्यावरण, अनुसंधान और अध्यात्म के क्षेत्रों में कार्य करते हुए मनुष्य के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है. समारोह के दौरान समाज, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विशिष्ठ जनों को ‘जनसेवा एवं पर्यावरण सम्मान-2026’ से अलंकृत किया गया.इस अवसर पर डॉ. ज्वाला प्रसाद, विष्णु गुप्ता, पवन सिंह, आचार्य सर्वानंद शर्मा, चंदन कुमार यादव, रंजीत कुमार और वीर आदित्य कुमार सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग सक्रिय तौर पर उपस्थित रहे. कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संतुलन के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया.