एकमा (सारण)।एकमा-ताजपुर-डुमाईगढ़ मुख्य सड़क पर रविवार को बोलेरो और बाइक की टक्कर में सरयू पार गांव स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक एकमा बाजार स्थित एक निजी पैथोलॉजी में लैब टेक्नीशियन के रूप में कार्य करता है। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों की मदद से घायल युवक को उपचार के लिए एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक मयंक कुमार ने प्राथमिक उपचार किया। युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल, छपरा रेफर कर दिया।
चिकित्सक के अनुसार, हादसे में युवक के बाएं पैर में फ्रैक्चर हुआ है। एकमा सीएचसी में उपचार के दौरान घायल की पहचान दाउदपुर थाना क्षेत्र के परसा दक्षिणी पंचायत अंतर्गत मधुबन गांव निवासी परमेश्वर कुमार राय के पुत्र राकेश कुमार (22) के रूप में हुई है।