सदर अस्पताल में पत्रकार की पिटाई, एक कर्मचारी गिरफ्तार
हाजीपुर (वैशाली):सदर अस्पताल में सोमवार की दोपहर एक खबरिया चैनल के पत्रकार को बंधक बनाकर उसकी जमकर पिटाई की गई। पत्रकार को घंटों बंधक बनाकर रखा गया तथा उसके कैमरे को भी छीन लिया गया। पत्रकार की पिटाई के दौरान अफरातफरी का माहौल कायम रहा। अस्पताल में मौजूद लोगों के प्रयास से किसी तरह बंधक बनाए गए पत्रकार को छुड़ाया गया। उसके बाद जख्मी पत्रकार इस घटना की सूचना नगर थाना की पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पत्रकार को पिटाई करने के आरोप में सदर अस्पताल के एक कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को एक खबरिया चैनल के पत्रकार भारत सरकार की ओर से चलाई जा रही आयुष्मान योजना की जानकारी लेने पहुंचे थे। जैसे ही उक्त पत्रकार सदर अस्पताल के कर्मचारी रवि कुमार से इस संबंध में कुछ जानकारी चाही वह आपे से बाहर हो गए तथा पत्रकार को पकड़ लिया। पत्रकार को पकड़ने के बाद उसे कार्यालय का कमरा बंद कर जबर्दस्त पिटाई कर दी। पत्रकार की इतनी पिटाई हुई कि वह बुरी तरह जख्मी हो गया। उसकी चीख-पुकार सुन काफी संख्या में लोग वहां जुट गए तथा कई घंटे के बाद उसे किसी तरह कर्मचारी के चंगुल से मुक्त कराया। इसके बाद इस घटना की सूचना नगर थाना की पुलिस को दी गई मौके पर पहुंची पुलिस ने उक्त कर्मचारी रवि कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में जख्मी पत्रकार ने नगर थाना में मामला दर्ज कराया है। पत्रकार का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है।




Recent Comments