शहाबुद्दीन ने जेल प्रशासन पर लगाया आरोप, कहा- 13 महीने से मुझे धूप तक नहीं हुई नसीब
#रिपोर्ट – सन्नी भगत

೥राष्ट्रीय जनता दल के पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। शहाबुद्दीन ने कोर्ट में दाखिल याचिका में कहा है कि उन्हें पिछले 13 महीने से तिहाड़ जेल के ऐसे हिस्से में रखा गया है जहां न ही प्रकाश आता है और न ही हवा। इसमें शहाबुद्दीन ने कहा कि उन्हें एकांत कारावास में रखा गया है। इसके साथ ही शहाबुद्दीन को अपने स्वास्थ्य की चिंता भी सता रही है।

याचिका में शहाबुद्दीन ने आगे कहा कि जेल में उन्हें प्रयाप्त खाना नहीं मिलता है। इसके अलावा पानी की भी कमी है। उन्होंने कहा कि जब से वो तिहाड़ जेल में शिफ्ट हुए हैं तब से उनका वजन 15 किलो घट गया है। अगर हालात यही रहे तो उन्हें गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। इसमें शहाबुद्दीन ने मांग की है कि उन्हें एकांत कारावास से निकालकर आम कैदियों की तरह रखा जाए। दिल्ली हाई कोर्ट इस याचिका पर बुधवार को सुनवाई करेगा। बता दें कि बाहुबली शहाबुद्दीन करीब 45 आपराधिक मामलों का सामना कर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने पिछले साल 15 फरवरी को शहाबुद्दीन को बिहार की सीवान जेल से तिहाड़ जेल में शिफ्ट करने का आदेश दिया था। दो अलग-अलग घटनाओं में अपने तीन बेटे गंवा चुके चंद्रकेश्वर प्रसाद उर्फ चंदा बाबू और आशा रंजन ने याचिका दायर कर राजद नेता को तिहाड़ जेल में रखने का आग्रह किया था। जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने यह आदेश दिया था।