बेतिया – बगहा :– महा छठ व्रत पर्व पर , व्रत से संबंधित सामानों की खरीददारी जोरों से 

न्यूज़ इनपुट विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार:– 
दिवाली के बाद चार दिन का महा छठ व्रत पर्व मंगलवार को नहाय खाय से शुरू हो गया है, बाजारों में भी पर्व से संबंधित दुकाने सज गई है तो घाटों पर वेदी बनना तथा व्रत से संबंधित सामानों की खरीददारी जोरों से शुरु हो गई है।
       चार दिन के इस छठ व्रत में मंगलवार पहले दिन नहाय खाय से शुरू हुआ जो दूसरे दिन बुद्धवार को खरना के दिन निराजल व्रत रहकर शाम को भेली में बना खीर रोटी से वर्ती महिलाएं पारन करेंगी, तीसरे दिन वृहस्पतिवार शाम को नदी घाट पर बने वेदी की पूजा अर्चना कर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी तथा चौथे दिन शुक्रवार को सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन होगा और घर में बने गेहूं का ठोकवा चना ,फल आदि अधिक से अधिक लोगों को प्रसाद वितरण किया जाएगा।

    छठ व्रत की ऐसी मान्यताएं हैं जो लोग जिसकी कामना या मन्नते माँगते हैं वह छठ माता पूरी करती हैं,अक्सर महिलाएं पुत्र प्राप्ति या पुत्र ,पति की लंबी उम्र की कामना करती हैं, यह ऐसा व्रत है जो अमीर गरीब यथा शक्ति अनुसार सभी रखते हैं। पहले यह  व्रत बिहार में ही होता था लेकिन अब लगभग पूरे देश में इसकी गूंज है। सभी त्योहारों में एक बड़ा त्योहार का स्थान छठ पर्व बन चुका है।