बस पड़ाव के समीप खुले नाले से हादसे की आशंका
#परवेज़ अख्तर/सीवान:
जिले के मैरवा नगर के मझौली चौक पर खुला नाला हादसे को आमंत्रण दे रहा है। नगर के व्यस्ततम चौराहे पर इस खुले नाले में गिरकर लोग घायल हो रहे हैं। मुख्य नाला की सफाई के बाद से ही नगर में कई जगह नाले को ढंका नहीं गया है। नाला के बगल में स्कूल होने से यहां पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावक भी बच्चों के नाले में गिरने की आशंका से परेशान रहते हैं। खुले नाले को ढंकने को लेकर नगर पंचायत के उदासीन रवैये से लोगों में नाराजगी है। नगर में मुख्य नाला की सफाई होने के छह माह बाद भी स्लैब नहीं लगाया गया है। नाले पर लोहे की जाली लगाने के आश्वासन पर नाला का स्लैब तोड़ दिया गया था। छह माह बाद भी स्लैब को लगाये जाने का प्रस्ताव अधर में लटका हुआ है। नाले के ऊपर स्लैब या जाली लगाने को लेकर कोई ठोस पहल नहीं हो रही है। इससे यहां रहने वाले लोगों को नाले में गिरने के साथ उनके सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। बस पड़ाव के समीप खुले नाले में बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे है। नाला खुला होने से प्लास्टिक, कूड़ा कचरा का ढेर जमा हो गया है। जिससे पानी का बहाव भी रूक गया है। नाले में पानी का बहाव नहीं होने से हल्की बारिश के बाद भी मोहल्ले में जलजमाव हो रहा है। नाला के खुले रहने से यहां के दुकानदारों को भी नुकसान हो रहा है। गंदे पानी और उसके बदबू से यहां के दुकानदार नाक पर रूमाल रखकर अपनी दुकान में बैठते हैं। वहीं गंदगी को लेकर ग्राहक भी उनकी दुकान में आने से कतरा रहे हैं।
#क्या कहते हैं अधिकारी-
ईओ सीमा गुप्ता ने कहा कि नाले पर स्लैब लगाने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही वहां स्लैब लगा दिया जायेगा।




Recent Comments