बेटियों के जन्म पर नहीं लिया जाता कोई शुल्क
#परवेज़ अख्तर/सीवान:
जिले के महाराजगंज में एक ऐसा निजी हॉस्पीटल है जहां बेटियों के जन्म पर कोई शुल्क नहीं लिया जाता है। कहते हैं दान देने से धन नहीं घटता है। आज भी एक से बढ़कर एक परमार्थी लोग हैं। जिनके पुरुषार्थ व सोच से समाज को लाभ हो रहा है। उन्ही में से एक हैं दरौंदा प्रखंड के रुकुन्दीपुर भरोस कुंवर टोले के पतिराम सिंह। पतिराम सिंह ने पार्टनर संजय कुमार सिंह के साथ मिलकर शहर के इंदौली में राज इमरजेंसी हॉस्पीटल की स्थापना की है। हॉस्पीटल में सभी प्रकार के रोग का इलाज होता है। हॉस्पीटल की खासियत यह है कि यहां बेटी के जन्म पर कोई शुल्क नहीं लिया जाता है। अस्पताल प्रशासन की ओर इससे संबंधित पोस्टर दीवारों पर चिपकाया गया है। बेटी के जन्म से संबंधित निःशुल्क व्यवस्था का लाउडस्पीकर से प्रचार प्रसार भी होता है। अस्पताल के संस्थापक पतिराम सिंह ने बताया कि भाई नरेंद्र मोदी के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ से प्रेरित होकर मैंने यह निर्णय लिया है। समाज में बेटी का जन्म आज अभिशाप है। लेकिन हमारे हॉस्पीटल में बेटी के जन्म पर कई सुविधा दी जाती है। आज भी समाज में बेटे-बेटी में भेदभाव है। लेकिन हमारे हॉस्पीटल में बेटी को ऊंचा दर्जा प्राप्त है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में बेटी होने पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाता है। यहां तक कि नवजात बच्ची को एनआईसीयू की जरूरत पड़ने पर वह सुविधा भी मुफ्त में दी जाती है। निहायत गरीब महिला को बेटी के जन्म पर आर्थिक मदद भी पहुंचाई जाती है। बताया कि अस्पताल में महिला व पुरुष डॉक्टर के साथ पूर्ण प्रशिक्षित एएनएम हैं। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सर्जन व डॉक्टर की सेवा ली जाती है। अस्पताल में 24 घंटे इमरजेंसी के साथ ट्रामा की सुविधा उलब्ध है। प्रत्येक रविवार को मुफ्त इलाज होता है। उन्होंने बताया कि हॉस्पीटल में सेवा की भावना से काम किया जाता है। उनके दोनों पुत्र अरविंद कुमार व राज कुमार इस पुनीत कार्य में भरपूर सहयोग करते हैं।