
विद्यालय को वाटर प्यूरिफायर सौंपते दंपति
रंजन श्रीवास्तव/तरैया। सारण जिले के तरैया प्रखण्ड अंतर्गत मंझोपुर गांव निवासी नितेश कुमार ने अपनी बेटी के तीसरे जन्मदिन को एक प्रेरणादायी और सामाजिक सेवा का उत्सव बना दिया है। निष्ठा एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नितेश कुमार ने अपनी लाड़ली बिटिया ‘एस. निष्ठा’ के तीसरे जन्मोत्सव के अवसर पर उच्च माध्यमिक विद्यालय पचरौड़ रसीदपुर, तरैया के बच्चों के लिए शुद्ध पेयजल हेतु एक वाटर प्यूरिफायर भेंट किया है।
पंचांग के अनुसार होती है जन्मदिन की शुरुआत
नितेश कुमार अपनी बिटिया का जन्मदिन अंग्रेजी तारीख के स्थान पर हिंदू पंचांग के अनुसार गणेश चतुर्थी के पावन दिन मनाते हैं। घर पर विधिवत पूजा-अर्चना और हवन संपन्न करने के बाद वे सीधे विद्यालय पहुंचे और प्रधानाध्यापक चंद्र प्रकाश को वाटर प्यूरिफायर सौंपा। इस मशीन के लगने से विद्यालय के छात्र-छात्राओं को अब पीने के लिए स्वच्छ और शुद्ध जल आसानी से मिल सकेगा।
लगातार तीसरे वर्ष भी जारी रही सेवा की परंपरा
बिटिया के जन्मदिन पर समाज सेवा करने की यह पहल कोई नई नहीं है। इससे पहले निष्ठा के पहले जन्मदिन पर एक सरकारी विद्यालय को 22 पंखे भेंट किए गए थे, जबकि दूसरे जन्मदिन पर भी एक अन्य विद्यालय को वाटर प्यूरिफायर प्रदान किया गया था। इस बार तीसरे जन्मोत्सव पर भी विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और हित को ध्यान में रखते हुए यह सराहनीय परंपरा जारी रखी गई है।
गणमान्य लोगों ने की सराहना
इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों और शिक्षकों ने मिलकर बिटिया निष्ठा को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं दीं और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान विकास कुमार सिंह, समाजसेवी राणा प्रताप सिंह, राकेश कुमार गुप्ता, प्रधानाध्यापक चंद्र प्रकाश सहित पूरा विद्यालय परिवार और क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक पिता द्वारा बेटी के जन्मोत्सव को सामाजिक सरोकार और जनहित से जोड़ने की इस पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।




Recent Comments