
✍️परवेज अख्तर/सिवान;
सिसवन (सिवान) : चैनपुर ओपी क्षेत्र के रामगढ़ बाजार स्थित सर्वोदय विद्यालय के सामने शुक्रवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने बंधन बैंक के कर्मचारी को गोली मारकर 68 हजार रुपये लूट लिये। दो बाइक सवार चार अपराधी वारदात को अंजाम देने के बाद पिस्तौल लहराते हुए चैनपुर की ओर भाग निकले। सूचना पर चैनपुर ओपी प्रभारी राकेश कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर घायल बैंक कर्मी को पहले चैनपुर के एक निजी क्लीनिक में प्राथमिक उपचार कराकर बेहतर इलाज के लिए सिसवन रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। घायल कर्मी सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के नरौनी टोला जमालपुर निवासी राकेश कुमार सिंह बताया जाता है। लूट की घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना के संबंध में घायल बैंककर्मी ने बताया कि नगई गांव से समूह से रुपये कलेक्शन कर रामगढ़ गांव में बांटने के लिए जा रहे थे, तभी रामगढ़ बाजार के समीप स्थित सर्वोदय विद्यालय के सामने अपराधियों ने उनकी बाइक में ठोकर मारकर उन्हें गिरा दिया। इसके बाद अपराधी हथियार के बल पर उससे रुपये वाला बैग छीनने लगे। विरोध करने पर अपराधियों ने गोली चलाई दी जो मेरे हाथ में लग गई और मैं वहीं गिर गया। तभी अपराधी बैग में रखे 68 हजार 955 रुपए लेकर चैनपुर की ओर फरार हो गए।
दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज :
चैनपुर ओपी प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि समूह के कलेक्शन की राशि थी। उन्होंने बताया कि अपराधियों को चिह्नित कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले में दो अज्ञात अपराधियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी है। जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




Recent Comments