प्रमुख के खिलाफ लगा अविश्वास प्रस्ताव खारिज

मांझी (सारण) मांझी की प्रखंड प्रमुख भागमणि देवी तथा उप प्रमुख राकेश राय के खिलाफ 14 समिति सदस्यों द्वारा लाया गया अविश्वास प्रस्ताव कोरम के अभाव में खारिज हो गया। बीडीओ सह कार्यपालक पदाधिकारी मिथिलेश बिहारी वर्मा तथा पर्यवेक्षक डीसीएलआर संजय कुमार ने बताया कि नीयत अवधि में प्रस्ताव के समर्थन में एक भी सदस्य सदन में उपस्थित नही हुआ इसलिए प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया। अविश्वास प्रस्ताव के खारिज होने से उत्साहित प्रमुख उप प्रमुख समर्थकों ने मिठाई बांट कर खुशी का इजहार किया।

उधर बिहार सरकार के पूर्व मंत्री प्रो रविंद्र नाथ मिश्रा ने अविश्वास प्रस्ताव को खारिज किये जाने पर कड़ा एतराज जताया। उन्होंने कहा कि प्रमुख समर्थकों ने येन केन प्रकारेण समिति सदस्यों को बलपूर्वक सदन में प्रवेश नही करने दिया। इस करवाई को उन्होंने लोकतंत्र की हत्या की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि सदन में कोरम के अभाव में बैठक जब हुई ही नही तो खारिज कैसे किया गया। उन्होंने विपक्षी खेमे के समिति सदस्य अनुज राम व अन्य के साथ प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर बीडीओ को एक ज्ञापन सौंपा तथा अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए दुबारा बैठक बुलाने की मांग की। तथा ऐसा नही किये जाने की स्थिति में उन्होंने न्यायालय में जाने का संकेत दिया। इससे पहले उन्होंने घोरहट स्थित आवास पर प्रेस कांफ्रेंस किया।




Recent Comments