सिवान। पुलिस लाइन परिसर में भोजपुर जिला से प्रशिक्षण हेतु आए प्रशिक्षु सिपाहियों में शामिल एक फर्जी सिपाही को गिरफ्तार किया गया ,जिसे जांच के बाद पुलिस लाइन के पदाधिकारी ने मुफस्सिल थाना को सुपुर्द कर दिया। गिरफ्तार फर्जी सिपाही सारण जिले के गढ़खा थाना क्षेत्र के शिवरहीया निवासी जगत नारायण सिंह का पुत्र नीरज कुमार सिंह है।
इस मामले में सार्जेट अंकित शर्मा ने मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया है। मामले में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार दास ने बताया कि भोजपुर जिला से प्रशिक्षण हेतु आवंटित 266 नवनियुक्त सिपाहियों में से 256 प्रशिक्षु पुलिस लाइन सिवान में योगदान दिनांक 21 जुलाई को किये थे। इसके बाद 22 जुलाई के पीटी मार्का पर प्रशिक्षुओ की संख्या 257 होने पर जांच शुरू की गई। ट्रेनिंग हवलदार द्वारा सत्यापित करने पर नीरज कुमार जिनका ब्रास नंबर 1916 नामक दो प्रशिक्षु उपस्थित मिले।
जांच के लिए भोजपुर जिला के पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) से बात करने पर बताया गया किऔरंगाबाद जिला के हसपुरा थाना क्षेत्र के सिहाड़ी निवासी उमेश पासवान का पुत्र नीरज कुमार जो सही प्रशिक्षु है। वहीं दूसरे व्यक्ति जिसका नाम सारण जिले के गढ़खा थाना क्षेत्र के शिवरहीया निवासी जगत नारायण सिंह का पुत्र नीरज कुमार सिंह फर्जी तरीके से पुलिस का वर्दी पहन कर पीटी मार्का पर उपस्थित हुआ।
भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने भाजपा की ली सदस्यता
सिवान: दरौली के फुलेना सिंह उच्च विद्यालय में बुधवार को भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी की अध्यक्षता में दरौली विधानसभा का कार्यशाला सह सामूहिक मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री शिवेश राम शामिल हुए। वहीं जिलाध्यक्ष के समक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों से प्रभावित होकर भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में देश और बिहार सबका साथ सबका विकास के साथ आगे बढ़ रहा है। बिहार सरकार दलित, महा दलित, पिछड़ा, अति पिछड़ा सबके लिए काम कर रही है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन आगे भी ऐसे ही कार्य करती रहेगी क्योंकि भारतीय जनता पार्टी का यह मानना है कि राष्ट्र प्रथम और देश के अंतिम पायदान पर रहने वाले व्यक्ति तक विकास पहुंचे। यही देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सोच है। सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि 2025 में फिर से बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। भाजपा में शामिल होने वालों में संजय राम, गुलाब जायसवाल, सुनील कुमार राम, निधि देवी, बबलू कुमार राम, अवधेश राम, रीना देवी सहित अन्य शामिल थे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डा. कुंदन सिंह मंडल अध्यक्ष आर्यन राय, विनोद सिंह, विद्यासागर बैठा सहित आदि लोग मौजूद रहे।
—
गोली मारकर घायल मामले में मुख्य आरोपित ने किया आत्मसमर्पण
सिवान : नगर थाना क्षेत्र स्थित सदर अस्पताल के समीप 18 जुलाई की देर रात एंबुलेंस चालक ने अपने साथी चालक सह भगवानपुर थाना क्षेत्र के रामपुर कोठी गांव निवासी कमल किशोर ठाकुर के पुत्र प्रदीप कुमार को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस मामले में फरार मुख्य आरोपित भगवानपुर थाना क्षेत्र के रामपुरकोठी निवासी रोहित कुमार उर्फ मदन ने पुलिस दबिश के कारण बुधवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस उसे रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। मामले में नगर थाना इंस्पेक्टर राजू कुमार ने बताया कि नगर थाना कांड संख्या 568/25 19 जुलाई के प्राथमिक अभियुक्त रोहित कुमार उर्फ़ मदन ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
मंडल कारा में बंद 35 बंदियों को मिला मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण
सिवान: मंडल कारा में बंद 35 बंदियों को आरएसईटीआई के द्वारा मशरूम उत्पादन का दस दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक देवाशीष कुमार सिन्हा ने प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र दिया। मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण 15 से 23 जुलाई तक चलाया गया था। प्रशिक्षण के दौरान बंदियों को मशरूम की खेती के साथ-साथ एक सफल उद्यमी बनने के गुर सिखाया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों को आत्मनिर्भर बनाना व स्वरोजगार से जोड़ना है। जेल अधीक्षक ने बंदियों को बताया कि मशरूम कम जमीन में भी उगाया जा सकता है। इसकी खेती लाभकारी है। मशरूम का उत्पादन करने वाले कई लोगों की आर्थिक स्थिति में काफी सुधार आया है। जेल से छूटने के बाद आप भी इसकी खेती कर अपने परिवार का भरण पोषण कर सकते हैं। मौके पर उपाधीक्षक, बंदी कल्याण पदाधिकारी एवं अन्य कारा कर्मी मौजूद रहे।
—
रुपये मांगने गए व्यक्ति की संदेहास्पद स्थिति में मौत
सिवान: हुसैनगंज थाना क्षेत्र के रेनुआ गांव में बुधवार की दोपहर संदेहास्पद स्थिति में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी जितेंद्र मांझी के रूप में हुई। घटना के संबंध में मृतक के भाई सिकंदर मांझी ने बताया कि हम लोगों ने रेनुआ गांव के लोगों से जमीन बिक्री की थी, जिसका रुपया बकाया है। रुपए की मांग करने के लिए मेरा भाई जितेंद्र बुधवार की सुबह खाना खाने के बाद गांव गया था, तभी दोपहर में सूचना मिली कि मेरा भाई रेनुआ गांव के बीच सड़क पर गिरा हुआ है। हम लोग जब वहां पहुंचे तो वह खून लतपथ पड़ा था। इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया,जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
शार्ट सर्किट से कपड़े के शोरूम में लगी आग
सिवान: नगर थाना क्षेत्र के जेपी चौक समीप नीलगगन कांप्लेक्स स्थित रेमंड शोरूम में बुधवार की सुबह शार्ट सर्किट से एसी का सिलेंडर ब्लास्ट हो गया, इससे शोरूम में आग लग गई। आग की लपटों को देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना नगर थाना व फायर ब्रिगेड को दी। इसके बाद थाना और फायरब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगी। इस अगलगी में दुकानदार को करीब 50 लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। इस दौरान चार से पांच दमकल कर्मियों के हाथों में चोटें भी आईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भेज दिया। मामले में शोरूम के मैनेजर अफजल अली ने बताया कि शार्ट सर्किट से एसी का सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। इससे शोरूम में आग लग गई। आग लगने से कितना का नुकसान हुआ है, इसकी जांच की जा रही है लेकिन 50 लाख से अधिक का नुकसान हुआ है।
कैफे का शटर तोड़कर नकद सहित दो लाख की चोरी
सिवान: नगर थाना क्षेत्र के कचहरी परिसर स्थित एक साइबर कैफे का मंगलवार की देर रात अज्ञात चोरों ने शटर तोड़कर नकद सहित दो लाख से अधिक की चोरी कर ली। चोरी की जानकारी दुकान मालिक को बुधवार की सुबह हुई जब दुकान पर पहुंचे। वहीं बगल के एक अधिवक्ता के कार्यालय का भी चोरों ने शटर तोड़कर चोरी का प्रयास किया है। इसके बाद उन्होंने पुलिस को दी। सूचना पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंचे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुट गए। इस दौरान काफी संख्या में लोगों की भीड़ हो गई। वहीं चोरी से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। इस मामले में दुकान मालिक मनीष सिंह ने बताया कि कचहरी परिसर में ला पाइंट के नाम से दुकान है। मंगलवार की शाम हम दुकान को बंद कर घर चले गए। बुधवार की सुबह जैसे ही दुकान खुलने आए तो देखा कि दुकान का शटर टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखे तो दो लैपटाप व नकद पांच हजार रुपया चोरी हो गई है। बताया कि बगल के एक अधिवक्ता का कार्यालय का भी शटर टूट है लेकिन उसमें चोरी नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने कहा कि कचहरी परिसर में बार-बार चोरी हो रही है। इसके बाद भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
आटो की टक्कर से चालक की मौत
सिवान: हुसैनगंज थाना क्षेत्र के टेढ़ी घाट व सलोनेपुर मुख्य सड़क पर बुधवार को तेज रफ्तार आटो ने सामने से आ रही फाइटर (जुगाड़ वाहन ) में धक्का मार दिया। इससे फाइटर चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया। मृतक की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथोड़ा बरका टोला गांव निवासी 60 वर्षीय किशोर प्रसाद के रूप में हुई। घटना के संबंध में मृत किशोर प्रसाद के छोटा भाई जलेश्वर प्रसाद ने बताया कि दोपहर में भाई घर से खाना खाकर गाड़ी लेकर शहर जा रहा था। इसी दौरान मुख्य सड़क पर सामने से आ रही तेज रफ्तार आटो ने टक्कर मार दी। घटना के बाद आटो चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही स्वजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया।
—गुंडा पंजी में दर्ज होगी चार्जशीटेड बदमाशों के नाम
- गुंडा पंजी में दर्ज बदमाशों की थानों में होगी परेड
सिवान: पुलिस थानों में बदमाशों का लेखा-जोखा रखने वाली गुंडा पंजी अपडेट होगी। अब सभी चार्जशीटेड बदमाशों के नाम गुंडा पंजी में दर्ज किए जाएंगे। इसके अलावा शराब के मामलों में आरोपित व्यक्तियों के नाम भी गुंडा पंजी में दर्ज किए जाएंगे। गुंडा पंजी में दर्ज बदमाशों की थानों में नियमित परेड भी कराई जाएगी। इसको लेकर एसपी मनोज कुमार तिवारी ने सभी पुलिस पदाधिकारी को दिशा-निर्देश जारी किया है।
इस मामले में एसपी ने बताया कि सभी चार्जशीटेड बदमाशों के नाम गुंडा पंजी में दर्ज किए जाएंगे। दर्ज बदमाशों की थानों में नियमित परेड भी कराई जाएगी। कहा कि अपराध चाहे छोटा हो या बड़ा अपराध अपराधी होता है, बदमाश पुलिस से बच नहीं सकते हैं। इसलिए सुधरेंगे तो समाज के बीच में अपने परिवार के साथ रहेंगे।
उन्हीं लोगों का दर्ज होता है नाम, जो आपराधिक गतिविधियों में शामिल
बिहार पुलिस मैनुअल की धारा में गुंडा-पंजी बनाने का काम शुरू हुआ। इन धाराओं के तहत पुलिस विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में शामिल बदमाशों के नामों का एक रजिस्टर तैयार करती है। जिसे गुंडा-पंजी कहा जाता है। जिन आपराधिक वारदात के नाम बताये गये हैं, उनमें डकैती, लूट, सांप्रदायिक कांड, विधि व्यवस्था को तोड़ने, मादक पदार्थ की तस्करी, गलत व प्रतिबंधित विस्फोटक रखने, आर्म्स एक्ट और छेड़खानी आदि शामिल है। उस खास सूची को गुंडा-पंजी नाम दिया गया है। चुनाव से पहले गुंडा रजिस्टर में नाम दर्ज के बाद ही अपराधियों की तलाश पुलिस करती है।
–
कई लोगों को लगानी होगी दूसरे थाने में जाकर हाजिरी
पुलिस आगामी चुनाव में गड़बड़ी फैलाने की आशंका को देखते हुए कई लोगों की लिस्ट तैयार करने में जुटी हुई है। जिन्हें दूसरे थाने में जाकर हाजिरी लगानी होगी। इन सभी पर पूर्व के केस को देखते हुए सूची तैयारी की जा रही है।—




Recent Comments