डूबने से तीन की मौत, परिजनों में मचा कोहराम✍️परवेज अख्तर/सिवान : जिले के बसंतपुर तथा आंदर में नदी और तालाब में डूबने से दो बच्चियां समेत तीन की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतकों में बसंतपुर थाना क्षेत्र के राजापुर निवासी सुरेंद्र राय की पुत्री सनीषा कुमारी (16) एवं महेश राय की पुत्री निभा कुमारी (18) तथा असांव थाना क्षेत्र के कटवार निवासी धीरेंद्र भगत (35) बताए जाते हैं। घटना के संबंध में बताया जाता है कि बसंतपुर थानाक्षेत्र के राजापुर स्थित रनीया चंवर में करीब 10.30 बजे जिउतिया पर्व को लेकर महिलाएं नहाने गईं थी। नहाने के क्रम में राजापुर निवासी सुरेंद्र राय की पुत्री सनीषा कुमारी (16) एवं महेश राय की पुत्री निभा कुमारी (18) का पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चली गईं। यह देख महिलाओं ने शोर मचाया तो काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और बच्चियों को निकालने के प्रयास में जुट गए। इस बीच दोनों की डूबने से मौत हो गई। करीब डेढ़ घंटा बाद दोनों का शव पानी से निकाला गया। ग्रामीणों ने दोनों को स्थानीय अस्पताल लाया जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच कार्रवाई में जुट गई। वहीं असांव थाना क्षेत्र के कटवार निवासी धीरेंद्र भगत (35) गांव के मठिया स्थित तालाब में पितरों का तिलांजलि देने गए थे। तभी पैर फिसलने से गहरे पानी में चले गए और नदी में डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।




Recent Comments