दिघवारा के बस्ती गांव में हादसा, इकलौते बेटे को खोकर बेसुध हुई वृद्ध मां
दरियापुर (सारण)। दिघवारा थाना क्षेत्र के बस्ती गांव में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। गांव निवासी स्वर्गीय सोहन पंडित के 22 वर्षीय इकलौते पुत्र पंकज कुमार की करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, पंकज किसी घरेलू काम के दौरान अचानक बिजली की चपेट में आ गया। हादसे के बाद परिजनों ने उसे आनन-फानन में सीएचसी दरियापुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तीन साल पहले पिता की मौत के बाद पंकज ही घर का एकमात्र सहारा था। अब परिवार में सिर्फ उसकी बूढ़ी मां बची हैं, जो बेटे की मौत की खबर सुनते ही बेसुध होकर गिर पड़ीं। गांव में मातम पसरा हुआ है, लोगों की आंखें नम हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पंकज मेहनती और मिलनसार युवक था, जो अपने परिवार को संभालने के लिए दिन-रात मेहनत करता था। उसकी असमय मौत से पूरा गांव शोकाकुल है।
पुलिस को सूचना दे दी गई है, और आगे की कार्रवाई की जा रही है।




Recent Comments