प्रेम प्रसंग में हत्या किए जाने की आशंका 

पानापुर(सारण) थाना क्षेत्र के कोंध भगवानपुर गांव में रविवार की रात एक युवक की पीट पीटकर हत्या कर दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है । मृत युवक भोरहा महीपर निवासी बच्चा राय का 25 वर्षीय पुत्र उपेंद्र कुमार बताया जाता है । घटना के संबंध में बताया जाता है कि कोंध भगवानपुर गांव निवासी नकुल महतो के परिजनों ने स्थानीय पुलिस को सूचित किया कि मोटर की चोरी करने घर मे घुसे एक युवक को हमलोगों ने पकड़ लिया है ।सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह के नेतृत्व में स्थानीय थाने की पुलिस सोमवार की अहले सुबह साढ़े तीन बजे कोंध भगवानपुर गांव पहुँची एवं घायल युवक को इलाज के लिए पीएचसी पानापुर लायी जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया ।  युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया । पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेजवाया । घटना के संबंध में मृत युवक के घरवालों का कहना है कि मृतक उपेंद्र का कोंध भगवानपुर के किसी लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था । उससे वह हमेशा फोन पर बातें किया करता था ।  रविवार की रात भी वह अपनी प्रेमिका से मिलने गया होगा जहां  उसकी हत्या कर दी गयी । वही पुलिस नकुल महतो के पुत्र चंदेश्वर महतो को हिरासत में लेकर पूछताछ  कर रही है। चंदेश्वर महतो ने पुलिस को बताया कि उक्त युवक हमारे घर मोटर चोरी करने आया था । चोरी करते हुए पकड़े जाने पर उसकी पिटाई की गई जिससे उसकी मौत हो गयी । समाचार लिखे जाने तक मृत युवक के परिजनों द्वारा स्थानीय थाने में कोई आवेदन नही दिया गया है ।