तरैया में शुक्रवार को मिले सात कोरोना पॉजिटिव, 285 लोगों ने लिया टीका

सारण/तरैया। रेफरल अस्पताल में शुक्रवार को कोविड-19 के जांच में सात लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। रेफरल अस्पताल व प्रखंड के अन्य स्थानों पर रैपिड एंटीजन कीट से 162 लोगों की जांच की गई जिसमें सात व्यक्ति संक्रमित पाए गए और 155 लोगों का जांच रिपोर्ट नेगेटिव आया। वहीं 12 लोगों का सैम्पल आरटीपीसीआर जांच के लिए पटना भेजा गया। जानकारी देते हुए स्वास्थ्य प्रबंधक नवाब अख्तर जिलानी ने बताया कि अंधरबाड़ी, गवन्द्री, सरेया बसंत गांव में एक-एक व्यक्ति तथा नन्दनपुर गांव में सबसे अधिक चार व्यक्ति संक्रमित पाए गए। सभी संक्रमित व्यक्तियों को आवश्यक दवाओं के साथ होम आइसोलेट किया गया है, जिन पर चिकित्सक नजर बनाए रखेंगे। उन्होंने आगे बताया कि 18 से 44 वर्ष के लोगों को टीका देने के लिए प्रखंड मुख्यालय स्थित प्राथमिक विद्यालय रामकोला में बनाए गए टीकाकरण स्थल पर 245 लोगों ने टीका लिया। जबकि 45 वर्ष से ऊपर के 40 लोगों ने कोविड-19 का टीका लिया। इस तरह शुक्रवार को कुल 285 लोगों ने कोविड-19 का टीका लिया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी श्रीनाथ प्रसाद ने लोगों से आग्रह किया की कोविड-19 के प्रोटोकॉल का सभी लोग अक्षरशः पालन करें और लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करें। कोरोना से बचाव का टीका ही एकमात्र विकल्प है। बहुत आवश्यक होने पर हीं लोग मास्क के साथ बाहर निकले और सामाजिक दूरी मेंटेन करें।