
- चमकी के लक्षणों व बचाव के तरीकों से कराया जा रहा है अवगत
- जागरूकता से चमकी के मामलों में होगी कमी
- सरकारी स्तर पर इलाज की व्यवस्था हैं उपलब्ध
मोतिहारी, 04 मई।
चमकी बुखार से बचाव को जिले के स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा विभिन्न प्रखंडों में चौपाल का लगातार आयोजन कर लोगों को चमकी बुखार के लक्षणों व उससे बचाव के तरीकों से अवगत कराया जा रहा है। बुधवार को जिले के हरसिद्धि प्रखण्ड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पड़डिया गाँव के वार्ड नम्बर – 8 के दलित बस्ती में चमकी से बचाव को चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में आरबीएसके चिकित्सक डॉ जितेंद्र कुमार, डॉ. प्रभात कुमार, केयर इंडिया प्रखंड प्रबंधक विक्रांत कुमार द्वारा उपस्थित महिलाओं, बच्चों एवं पुरुषों को चमकी बुखार के लक्षण की पहचान, देख-भाल एवं बचाव के बारे में जानकारी दी गई।
जागरूकता से चमकी के मामलों में होगी कमी:
पूर्व मुखिया बसंत राम ने बताया कि चमकी से बचाव को इस प्रकार से चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा
चौपाल लगाने से क्षेत्र में बहुत लाभ मिल रहा है। जागरूकता के कारण माता पिता अब बच्चों पर नजर रख रहे हैं। जिसके कारण बच्चे चमकी से सुरक्षित हैं। उन्होंने बच्चों को धूप में न जाने देने के साथ ही हाथ- मुँह की साफ सफ़ाई पर ध्यान देने की बातें बताई। पूर्व मुखिया ने चौपाल में बच्चों को रात में खाली पेट न सोने देने साथ ही रात में हल्का मीठा भोजन जरूर कराने की अपील की।
सरकारी स्तर पर इलाज की व्यवस्था हैं उपलब्ध, इलाज में न करें देरी;
पूर्वी चम्पारण के जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ शरतचन्द्र शर्मा ने बताया कि सरकारी स्तर पर इलाज की व्यवस्था उपलब्ध है। चमकी संबंधित लक्षण महसूस होने पर इलाज में देरी न करें। स्थिति असामान्य होने पर एम्बुलेंस या कोई वाहन भाड़ा कर जिला अस्पताल ले आएं। बच्चों के अस्पताल ले आने का भाड़ा सरकारी स्तर पर उपलब्ध कराया जाएगा।
चमकी के लक्षण :
बच्चों को लगातार तेज बुखार रहना, बदन में लगातार ऐंठन होना, दांत पर दांत दबाए रहना, सुस्ती, कमजोरी की वजह से बेहोशी आना, चिउटी काटने पर भी शरीर में कोई गतिविधि या हरकत न होना आदि।
मौके पर आरबीएसके चिकित्सक डॉ जितेंद्र कुमार, डॉ प्रभात कुमार, केयर इंडिया प्रखंड प्रबंधक विक्रांत कुमार
एएनएम, रानी कुमारी, शिक्षक, सेविका, सहायिका, पूर्व मुखिया बसंत राम एवं वार्ड सदस्य के साथ ग्रामीण उपस्थित थे।




Recent Comments