छपरा। सारण पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने हत्यारे को 3 घंटे के अंदर गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। सारण के पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि नगर थाना क्षेत्र के कटहरी बाग के पास बरा तेलपा निवासी चिंतामणि राय के पुत्र विक्की कुमार की हत्या चाकू मारकर कर दी गई थी। जिसके बाद मृतक के पिता चिंतामणि राय के फर्द बयान पर कटहरी बाग आर्य नगर निवासी भृगुनाथ प्रसाद के पुत्र रितिक कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्राथमिकी दर्ज के 3 घंटे के अंदर सारण पुलिस ने हत्यारे को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है। इसके साथ ही अभियुक्त का खून लगा हुआ पैंट शर्ट भी बरामद किया गया है। एसपी ने बताया कि अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस निरीक्षक विमल कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने हत्यारा रितिक कुमार को गिरफ्तार किया है और उसका निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और खून लगा पैंट शर्ट से बरामद किया गया है। एसपी ने बताया कि हत्या किस कारण से की गई है । फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है गिरफ्तार अपराधी से सघन पूछताछ की जा रही है। चाकू मारकर की गई थी हत्या: नगर थाना के कटहरी बाग महावीर मंदिर के समीप अपराधियों ने मंगलवार की रात एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद कटहरी बाग मोहल्ले में भगदड़ मच गई। घनी आबादी होने के कारण कटहरी बाग महावीर मंदिर के समीप छोटी बड़ी काफी दुकानें है। मोहल्ले में लहूलुहान पड़े युवक को देख स्थानीय लोगों के द्वारा इस बात की सूचना नगर थाना को दी गई। सूचना के बाद नगर थाना अध्यक्ष विमल कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। तबतक उस युवक की मौत हो चुकी थी। जिसके बाद पुलिस ने छानबीन प्रारंभ किया। वहीं शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भिजवाया गया।