दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा। मढ़ौरा नगर पंचायत में सफाई कर्मियों की हड़ताल मंगलवार को पांचवें दिन भी जारी रही। काम बंद होने के कारण शहर की विभिन्न सड़कों और मोहल्लों से कचरे का उठाव नहीं हो पा रहा है, जिससे जगह-जगह कचरे की ढेर लग गए हैं और आम लोगों को भारी दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है। विवाद की शुरुआत सफाई एजेंसी द्वारा ईपीएफ कटौती को लेकर हुई थी। नगर पंचायत प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद एजेंसी ने पूर्व की लंबित ईपीएफ राशि का भुगतान सुनिश्चित कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि कर्मियों की मुख्य मांग पूरी कर दी गई है। हालांकि, अब सफाई कर्मी एक नई मांग पर अड़ गए हैं। उनका कहना है कि जब तक हड़ताल की पांच दिनों की अवधि का वेतन नहीं दिया जाएगा, तब तक वे काम पर नहीं लौटेंगे।
इस मसले पर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी हरिश्चंद्र ने बताया कि सफाई कर्मियों की वाजिब मांगों को सुनने और उन्हें हल करने के लिए प्रशासन हमेशा तत्पर रहा है। उन्होंने कहा कि हड़ताल समाप्त कराने के लिए कर्मियों के साथ बातचीत की जा रही है।