
मांझी। दाउदपुर स्मारक स्थल पर 13 अगस्त को शहीद दिवस का आयोजन कोविड- 19 के संक्रमण के कारण सादे समारोह के रूप में किया जाएगा। वहीं शहीद छठु गिरि, फागु गिरि व कामता गिरि की बलि-वेदी पर श्रधांजलि अर्पित की जाएगी। दाउदपुर में शारदानंद सिंह की अध्यक्षता में रविवार को हुई स्मारक समिति की महत्वपूर्ण बैठक में लोगों ने शहादत दिवस को सरकारी स्तर पर मनाये जाने की पुरजोर मांग की। सर्व-सम्मति से यह निर्णय लिया गया कि उक्त मांग को लेकर आगामी 10 जुलाई को स्मारक स्थल पर एक धरना का आयोजन किया जाएगा। वहीं धरना के बाद एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा। शारदानंद सिंह ने बताया कि 1991 से प्रति वर्ष समिति के तत्वावधान में शहादत दिवस समारोह का आयोजन होता आ रहा है। जिसमे शामिल क्षेत्र के कई जन-प्रतिनिधियों ने इस कार्यक्रम को सरकारी स्तर पर मनाये जाने के लिए प्रयास करने की घोषणा की। मगर बाद में सभी भूलते गए। बैठक में समिति के सचिव सुमन गिरि, अभय गोस्वामी, मुखिया प्रमोद सिंह, परमात्मा राम, रजनीश सिंह, कन्हैया यादव, शिवनाथ पूरी, रामजी प्रसाद, राकेश सिंह, प्रो. बलराम पूरी, नागेंद्र गिरि, विनय सिंह, सुभाष ठाकुर, केदार यादव, मदन भारती, बसंती देवी, रत्नेश सिंह आदि मौजूद थे।




Recent Comments