मढ़ौरा। गुरुवार को मढ़ौरा में अनियमितता पाए जाने वाले दो अल्ट्रासाउंड सेंटरों को सील किया गया, जबकि एक को अग्रेतर कार्रवाई के लिए नोटिस दिया गया। कार्रवाई के दौरान मढ़ौरा मेन रोड स्थित बालाजी डायनोसिस्ट अल्ट्रासाउंड और स्टेशन चौक स्थित मालगोदाम रोड का निक्की अल्ट्रासाउंड सेंटर सील किया गया, वहीं एक अन्य अल्ट्रासाउंड सेंटर कुछ अपरिहार्य कारणों से जो सील नहीं किया जा सका वो मेन रोड स्थित मढ़ौरा एक्स रे एंड अल्ट्रासाउंड सेंटर बताया गया। सील की कार्रवाई टीम में मढ़ौरा रेफरल अस्पताल के प्रभारी डॉ. आर एन तिवारी, प्रभारी सीओ सह प्रखंड राजस्व अधिकारी तरुण रंजन, मढ़ौरा थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर आर के सिंह समेत आधा दर्जन पुरुष एवम महिला पुलिस बल था। उक्त संबंध में रेफरल अस्पताल प्रभारी डॉ आर एन तिवारी ने बताया कि सिविल सर्जन छपरा द्वारा मढ़ौरा में संचालित तीन अल्ट्रासाउंड सेंटरो को सील करने के लिए निर्देश मिला था, जिसका अनुपालन करते हुए आज दो अल्ट्रासाउंड सेंटरो को सील किया गया जबकि एक को नोटिस दिया गया है, उसे भी सील की कार्रवाई में शामिल किया जाएगा। मालूम हो कि पिछले महीने मढ़ौरा समेत पूरे जिले में संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर छापेमारी अभियान चलाया गया था, जिसमें कई अनियमितता पाई गई थी, उसी के आलोक में सील की कार्रवाई चल रही हैं।