एक झपकी ने पल भर में बना दी द बर्निग ट्रक
शीतल प्रसाद गुप्ता
बलिया (यूपी) 28 जून। सीमावर्ती देवरिया जिले के सोनूघाट-बरहज मार्ग पर आज बुधवार की सुबह एक दर्दनांक हादसे में दो ट्रक धूधू कर जल गए।एक ट्रक पर बिजली का सामान और दूसरे पर बोल्डर लदा हुआ था। इस घटना में बिजली विभाग को भी लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। हादसा चालक को झपकी आ जाने के बाद ट्रक के बिजली के खंभे से टकराने के कारण हुआ।
सोनूघाट-बरहज मार्ग पर सुविखर के समीप आज बुधवार की सुबह एक बोल्डर लदा ट्रक सड़क के किनारे खड़ा था। उसी दौरान बरहज की तरफ से बिजली विभाग का सामान लेकर देवरिया आ रहे एक ट्रक चालक को झपकी आ गई और वह बोल्डर लदी ट्रक को ठोकर मारते हुए बिजली के खंभे से जा टकराया। जोरदार टक्कर से बिजली का पोल टूट गया और तार आपस में टकराने से चिंगारी फूटने लगी।
शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी से दोनों ट्रक धू-धू कर जलने लगे। चालक और खलासी ने किसी तरह से कूद कर अपनी जान बचाई। ट्रक पर लदा बिजली विभाग का सारा सामान भी जलकर राख हो गया। बिजली विभाग के देवरिया स्टोर के लिए आजमगढ़ से इंसुलेटर व अन्य समान लेकर ट्रक चालक आ रहा था। इस हादसे में बिजली विभाग को भी लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं 11 हजार वोल्ट का तार टूटने से दर्जनों गांवो की आपूर्ति ठप हो गई है। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंच कर आग बुझाया। इस दौरान करीब दो घंटे तक सड़क पर आवागमन ठप रहा।




Recent Comments