इसुआपुर। बजरहियां गांव के भुवनेश्वर ओझा के 10 वर्षीय पुत्र रूपेश कुमार की मृत्यु सोमवार को चंवर के पानी में डूबने से हो गई। वह गांव के दक्षिण चांदनी चंवर में गांव के अन्य बच्चों के साथ मछली मारने गया था। जहां वह गहरे पानी में डूब गया। साथ गए अन्य बच्चे दौड़कर गांव में आए तथा लोगों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद गांव वालों ने चंवर में जाकर डूबे हुए बच्चे को पानी से निकालकर सीएचसी इसुआपुर लाया।जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक रूपेश चार भाइयों में सबसे छोटा तथा होनहार था। घटना के बाद परिजनों के रुदन क्रंदन से गांव का माहौल गमगीन हो गया। पंचायत के मुखिया गजेंद्र सिंह,सामाजिक कार्यकर्ता पी के परमार, गुनगुन सिंह, नवल किशोर ओझा, अशोक ओझा, इंद्रदेव ओझा,कैलाश ओझा,राजेश ओझा, धनंजय ओझा व अन्य ने अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की तथा परिजनों का ढाढस बंधाया।