तरैया(सारण)। प्रखंड के मंझोपुर क्रीड़ा मैदान में सोमवार को आर्मी डिफेंस एकेडमी के द्वारा दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में सैकड़ों की संख्या में प्रतिभागी सम्मिलित हुए। गणतंत्र दिवस के एक दिन पूर्व आयोजित इस दौड़ प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए निदेशक प्रमोद बाबा ने कहा कि यह दौड़ प्रतियोगिता प्रखंड स्तर पर कराया गया है। प्रतिभागियों में प्रतियोगिता की भावना जागृत करने के उद्देश्य से लगातार नई-नई प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। बता दें चार दिन पूर्व भागवतपुर पंचायत के मुखिया मुकेश कुमार यादव ने आर्मी डिफेंस एकेडमी मंझोपुर के प्रतिभागी जो फिजिकल की तैयारी में लगे हैं के बीच टी-शर्ट का वितरण किया था और उन्हें सम्मानित किया था। आज सफल प्रतिभागियों के बीच समाजसेवी ओम प्रकाश राम के द्वारा कप प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया गया। जिसमें एक से 10 नंबर के सभी धावकों को विशेष उपहार देकर सम्मानित किया गया। दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान धनंजय कुमार, दूसरा स्थान विशाल कुमार व तीसरा स्थान संजीत कुमार को प्राप्त हुआ। इसके अलावा सभी वन टू टेन चयनित प्रतिभागियों के बीच पुरस्कार का वितरण किया गया। मौके पर आर्मी डिफेंस एकेडमी के डायरेक्टर प्रमोद बाबा, उपनिदेशक राणा सिंह, मोहम्मद अली शेर, चंद्रप्रकाश, बीडीसी नागेंद्र प्रसाद, समाजसेवी ओम प्रकाश राम आदि उपस्थित थे।