आगलगी में सब कुछ हो गया खाक, फिर रंजीत ललिता ने इनकी बेटी के सिर पर रखा हाथ
दैनिक खोज खबर, एकमा
एकमा प्रखण्ड क्षेत्र के परसागढ़ से सटे एकड़ीपुर गांव में आग लगने के कारण एक परिवार का सबकुछ जलकर खाक हो गया। रात्रि में घर मे आग लगने के कारण एकड़ीपुर निवासी स्वर्गीय अक्षय लाल महतो की पत्नी मुन्नी कुंवर का घर जल गया। आगलगी की इस घटना में फुसनुमा घर तो जला ही, इसके साथ साथ एक गाय व बकरी भी जल गई। इतना ही नही अपने पति की मृत्यु के बाद किसी तरह परिवार का भरण पोषण कर रही एकड़ीपुर निवासी मुन्नी कुंवर के नगद रुपये भी जल गए। मुन्नी कुंवर ने ये रुपये अपनी बेटी की शादी के लिए रखे थे।

अपनी बेटी पूजा की शादी के लिए रोज पाई पाई करके रुपये जोड़ रही मुन्नी कुंवर के लिए आगलगी की यह घटना किसी बड़े हादसे से कम नही थी वो भी तब जब बिटिया की शादी का दिन भी तय हो चुका था और पूजा की शादी 23 मई 2019 को होनी थी।

ऐसे में इस सूचना पर माँ मनोकामना सिद्धि ट्रस्ट के अध्यक्ष रंजीत सिंह अपनी पत्नी ललिता सिंह के साथ एकड़ीपुर गांव पहुँचे। वहां पहुँचकर उन्होंने न सिर्फ पीडित परिवार को ढाढस बंधाया बल्कि उस परिवार को गोद भी ले लिया।

मौके पर रंजीत सिंह ने घोषणा कर दिया कि मुन्नी कुंवर के लिए वे पक्के का मकान बनवाएंगे वहीं उनकी बेटी पूजा का कन्यादान वे और उनकी पत्नी करेंगी।

इस दौरान ललिता सिंह ने कहा कि पूजा अब हमारी बेटी है। हम इसका कन्यादान करेंगे व मुन्नी कुंवर के लिए पक्का मकान भी बनवाएंगे। इन्हें किसी तरह की कोई परेशानी न हो इसका पुरा ध्यान रखा जाएगा।
इस दौरान एकड़ीपुर के कई ग्रामीण उपस्थित थे।