शराब दुकान स्थापना को लेकर हुए विवाद की जांच करेंगे एडीएम 
बरेली आबकारी उप निरीक्षक हटाये गये 
नसीम अली
रायसेन, 08 अप्रैल।गत दिवस जिले के बरेली स्थित किनगी-छींद रोड पर ठेकेदार द्वारा शासकीय मदिरा दुकान स्थापित करने को लेकर उपजे जनआक्रोश के पश्चात़ निर्मित परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए जिला दण्डाधिकारी एवं कलेक्टर श्रीमती भावना वालिम्बे ने बरेली में पदस्थ आबकारी विभाग के उप निरीक्षक श्री विवेक सक्सेना को हटा दिया है। साथ ही इस घटना की विस्तृत जांच के लिए अपर जिला दण्डाधिकारी श्री मुकेश कुमार जैन को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। 
अपर जिला दण्डाधिकारी की ओर से इस घटना की विस्तृत जांच रिपोर्ट आने पर समुचित कार्यवाही जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा बरेली में निर्मित परिस्थतियों एर्वं  इस कार्यवाही से आबकारी आयुक्त, ग्वालियर को भी अवगत करा दिया गया है। बरेली हटाए गए आबकारी उप निरीक्षक श्री विवेक सक्सेना को आबकारी उपायुक्त कार्यालय मुख्यालय रायसेन में पदस्थ किया गया है।