सनातन गौरव सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब, शिक्षा- स्वास्थ्य और आरक्षण की राजनीति पर भी बरसे विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे

बक्सर, 13 सितंबर।
बिहार के बक्सर स्थित ऐतिहासिक किला मैदान में रविवार को सनातन आस्था, संस्कृति और राजनीतिक संदेश का संगम देखने को मिला। जहां विश्वामित्र सेना के तत्वावधान में आयोजित सनातन गौरव सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिला- पुरुष शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सम्मेलन की शुरुआत हुई। इस दौरान किला मैदान सनातन संस्कृति, धर्म, एकजुटता और हिंदू राष्ट्र के संकल्प से जुड़े नारों से गूंजता रहा। सम्मेलन को संबोधित करते हुए विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने हिंदू धर्म के सम्मान को लेकर तीखा संदेश देते हुए कहा कि देश में किसी भी धर्म और आस्था के अपमान को स्वीकार नहीं किया जा सकता है। क्योंकि राष्ट्र के निर्माण में सभी वर्गों की भागीदारी बेहद जरूरी है, लेकिन हिंदू समाज के सम्मान और अधिकारों की अनदेखी भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने जाति और आरक्षण की राजनीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि समाज को जातीय आधार पर बांटने के बजाय शिक्षा, स्वास्थ्य और समान अवसर जैसे बुनियादी मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मजबूत राष्ट्र की नींव बेहतर शिक्षा और संस्कार से तैयार होती है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उन्हें अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना भी जरूरी है। राजकुमार चौबे ने बक्सर की ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह महर्षि विश्वामित्र की धरती है। ऐसे में बक्सर को ऐसा नेतृत्व चाहिए जो क्षेत्र की मिट्टी, संस्कृति और यहां के लोगों की भावनाओं को समझे तथा विकास के सवालों को मजबूती से उठाए।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बक्सर की पहचान और नेतृत्व का फैसला केवल बाहरी चमक-दमक के आधार पर नहीं होना चाहिए। जनता को क्षेत्र के हित, स्थानीय मुद्दों और विकास की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखकर अपना निर्णय लेना चाहिए। सम्मेलन के दौरान सनातन एकता, संस्कृति के संरक्षण और हिंदू राष्ट्र के संकल्प पर विशेष जोर दिया गया। धार्मिक- सांस्कृतिक आयोजन के रूप में शुरू हुआ सम्मेलन शिक्षा, स्वास्थ्य, आरक्षण, सामाजिक एकता और बक्सर के नेतृत्व जैसे मुद्दों पर चर्चा के कारण राजनीतिक संदेश का मंच भी बन गया। किला मैदान से उठी आवाज ने आने वाले दिनों में बक्सर की सियासत में नए विमर्श के संकेत दिए।




Recent Comments