कांजी सहाय भवन के सामने कभी भी गिर सकता है पेड़, प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग:

धर्मेंद्र रस्तोगी/छपरा, 13 सितंबर।
शहर के अतिव्यस्त डाक बंगला रोड पर कांजी सहाय भवन के सामने आधा टूटा पेड़ हादसे को न्योता दे रहा है। पेड़ का एक बड़ा हिस्सा टूट चुका है, जबकि इसका शेष हिस्सा भी जर्जर अवस्था में खड़ा है। ऐसे में तेज हवा या बारिश के दौरान इसके अचानक सड़क पर गिरने की आशंका बनी हुई है। डाक बंगला रोड शहर के व्यस्ततम मार्गों में शामिल है, जहां दिनभर बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में यदि पेड़ का बचा हुआ हिस्सा अचानक गिरता है तो राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पेड़ की स्थिति को देखते हुए किसी अप्रिय घटना से पहले इसे हटाना या सुरक्षित करना बेहद जरूरी है। इस संबंध में स्थानीय निवासी सुबोध कुमार ने जिला प्रशासन और नगर प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए तत्काल स्थल का निरीक्षण कराने तथा आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। इनका कहना है कि प्रशासन यदि समय रहते संज्ञान लेता है तो संभावित हादसे को टाला जा सकता है। अब देखना है कि प्रशासन किसी दुर्घटना के इंतजार में कार्रवाई करता है या समय रहते खतरे को टालने की पहल करता है।