दिल्ली से छपरा का टिकट और 2800 रुपये बरामद, पुलिस चौकी खोलने की उठी मांग

जलालपुर। थाना क्षेत्र के दुबवलिया से फुटानी बाजार जाने वाली सड़क के किनारे रविवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर जलालपुर के अपर थानाध्यक्ष मनीष कुमार, बबीता कुमारी सहित पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक लैब और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया। बनियापुर थानाध्यक्ष पिंटू कुमार, कोपा थानाध्यक्ष, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा सारण एसपी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन की।

मिली सूचना के अनुसार पुलिस को मृतक के पॉकेट से 11 सितंबर की तारीख का दिल्ली से छपरा तक का टिकट तथा 2800 रुपये मिले हैं। टिकट के आधार पर युवक की पहचान और उसके छपरा पहुंचने के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।सारण एसपी ने फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के गांवों में लगे सीसीटीवी कैमरों तथा छपरा जंक्शन के फुटेज की जांच करने का निर्देश दिया है। पुलिस हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है।

पुलिस चौकी खोलने की मांग

स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के अनुसार, इस स्थान पर पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह पांचवीं या छठी घटना है। पूर्व में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद सारण प्रक्षेत्र के तत्कालीन डीआईजी नीलेश कुमार ने यहां पुलिस चौकी खोलने की बात कही थी, लेकिन अब तक चौकी नहीं खुल सकी।किशनपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि तारकेश्वर सिंह सहित ग्रामीणों ने पुलिस चौकी खोलने और नियमित गश्ती बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि बेलकुंडा, गम्हरिया, मानपुर और मकनपुर सहित कई गांवों के लोग इसी मार्ग से जलालपुर आते-जाते हैं। सब्जी विक्रेता, दूध विक्रेता और दुकानदारों का रात में भी आवागमन होता है। शव मिलने की घटना के बाद लोगों में भय का माहौल है।सारण एसपी ने भरोसा दिलाया कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।