तरैया (सारण)। प्रखंड के पचरौड़ बाजार से स्थित कृपा इलेक्ट्रॉनिक्स में शनिवार की रात्रि में अचानक आग लग गई। जिससे दुकान में रखें लाखों रुपये मूल्य के इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर नष्ट हो गई। सड़क से गुजरते हुए एक वाहन चालक ने दुकान में लगी आग को देखकर अपनी गाड़ी रोका और शोर मचाया। शोर सुनकर बगल की दुकान में सोए संजय कुमार ने कृपा इलेक्ट्रॉनिक्स के दुकानदार विक्की सिंह व अन्य को सूचना दी तथा दुकानदार ने तरैया पुलिस को दूरभाष से सूचना दी। सूचना मिलते ही तरैया थाने से अग्निशमन की गाड़ी मौके पर पहुँची जिसके बाद अग्निशमन की गाड़ी आग बुझाने का प्रयास करने लगी। आग की भयावहता को देखते हुए तरैया पुलिस द्वारा दूसरा अग्निशमन गाड़ी बुलाया गया। जिसके बाद दोनों अग्निशमन वाहनों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अन्यथा आग से होने वाले बड़े नुकसान की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता था। इस बीच कृपा इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में फ्रीज के स्पेयर पार्ट्स, प्रिंटिंग प्रेस मशीन, इलेक्ट्रॉनिक्स पार्ट्स, बैट्री आदि आग की चपेट में आने से जलकर नष्ट हो गए। इस संबंध में कृपा इलेक्ट्रॉनिक्स के मालिक विक्की सिंह द्वारा तरैया थाने को लिखित आवेदन दिया गया है। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट की संभावना बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।