बिल सुधार के नाम पर उपभोक्ताओं से लूट
विद्युत बिल सुधारने के नाम पर उपभोक्ताओं से जबरजस्त उगाही 
ए.के.केशकर
खागा : विद्युत कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी बिल सुधार के नाम पर उगाही करने में लगे हुए हैं। घरेलू, व्यवसायिक विद्युत उपभोक्ताओं का आरोप है कि वर्षों का बकाया दुरुस्त करने के नाम पर कर्मचारी मोटा कमीशन मांगते हैं। 
नगर स्थित उपखंड कार्यालय, विद्युत में सुबह से शाम तक बिल सुधारने के नाम पर उगाही का खेल चलता है। सूत्रों का कहना है कि कुछ लोग हैं जो कार्यालय के बाहर पूरा दिन सक्रिय रहते हैं। कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों से इनकी सेटिंग होने की वजह से कोई भी काम उपभोक्ता सीधे तौर पर नहीं करा पाते हैं। उक्त दलाल विद्युत उपभोक्ताओं से बिल दुरुस्त कराने के लिए मोटी रकम वसूलते हैं। सीधे कर्मचारियों से मिलने पर उपभोक्ताओं को जटिल कागजी कार्यवाही का सामना करना पड़ता है। सुशील तिवारी, दीपक केसरवानी, अंकुर केसरवानी, शिवा केसरवानी, अविनाश सिंह, महेश कुमार आदि उपभोक्ताओं का आरोप है कि जिम्मेदार कुर्सी पर बैठे कर्मचारी मीटर पोस्टिंग, डंप रीडिंग, आईडीएफ बिल सुधार के लिए मोटी रकम मांगते हैं। अधिकारी से शिकायत करने पर नाजायज तरीके से परेशान किया जाता है। जिम्मेदार अधिकारी नोटिस काटने से ज्यादा कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं।