वैक्सीनेशन में आई तेजी, लोगों में उत्साह

  • मेगा टीकाकरण अभियान: प्रखंड स्तर पर अभियान तेज, शत प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य

शिवहर, 6 जुलाई।
कोरोना टीकाकरण अभियान को जिला भर में तेज गति से चलाया जा रहा है। इसके तहत जिला से प्रखंड स्तर पर मेगा कैम्प का आयोजन किया जा रहा। जिससे शत-प्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को पूरा किया जा सके। इसी कड़ी में पुरनहिया प्रखंड में दूसरे दिन भी मेगा कैम्प आयोजित कर लोगों को टीका लगाया गया। स्वास्थ्य विभाग की 43 टीम इस काम के लिए लगाई गई थी। सिविल सर्जन डॉ आरपी सिंह ने बताया कि इस प्रोग्राम का मुख्य उद्देश्य है ब्लॉक का शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन। इसके लिए जुलाई भर का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि बहुत सारे लोगों का वैक्सीनेशन पहले भी हो चुका है, लेकिन जिन्होंने वैक्सीन नहीं ली है, उन्हें वैक्सीन दी जा रही है। उन्होंने सभी जिला वासियों से अपील किया कि मेगा वैक्सीनेशन के दिन आगे आयें , कोरोना का टीका लें एवं अपने जिले, राज्य एवं देश को कोरोना संक्रमण से मुक्त करने में एक दूसरे का सहयोग करें।

वैक्सीनेशन में आई तेजी, लोगों में उत्साह
कोरोना की वैक्सीन लगवाने के लिए अब लोग स्वयं पहुंच रहे हैं। उन्हें जागरूक करने के शासन और प्रशासन के प्रयास सफल हो रहे हैं। सिविल सर्जन डॉ. आरपी सिंह ने कहा कि कोरोना  टीकाकरण कराने को लेकर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से किये जा रहे प्रयास का असर भी दिखने लगा है। अब ज्यादा संख्या में लोग टीकाकरण केंद्र पर पहुंचकर टीका लगवा रहे है। पंचायत स्तर के विभिन्न जनप्रतिनिधियों, कर्मियों एवं जीविका दीदियों के साथ-साथ शिक्षकों के द्वारा किए जा रहे सम्मिलित प्रयास से टीकाकरण में अब गति आ गई है। लोगों में टीकाकरण के प्रति जो संशय था, वह खत्म हो गया है। 

जागरूकता के लिए दौड़ रही टीका एक्सप्रेस

केयर इंडिया की डीटीएल पल्लवी बोस ने बताया कि मेगा टीका अभियान के दौरान टीका एक्सप्रेस दौड़ लगा रही है। टीका एक्सप्रेस के माध्यम से लोगों को टीकाकरण के साथ साथ जागरूक भी किया जा रहा। टीका एक्सप्रेस में ऑडियो सिस्टम लगाया गया है। ताकि टीकाकरण के संदेशों को लोगों तक पहुंचाया जा सके।

वैक्सीन लेने के बाद भी सावधानी जरूरी

सिविल सर्जन डॉ आरपी सिंह ने कहा कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए वैक्सीन लेने के बाद भी सावधानी जरूरी है। कोरोना की तीसरी लहर न आए इसके लिए आवश्यक है कि सभी लोग मास्क का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। अपने हाथ को बार-बार साबुन से धोएं। अल्कोहल बेस्ड हैंड सैनिटाइजर का भी उपयोग करें। दो गज की शारीरिक दूरी हर हाल में बनाकर रखें। बिना किसी ठोस वजह के घर से बाहर न निकलें। साफ-सफाई का भी रखें ख्याल। पौष्टिक एवं सुपाच्य भोजन लें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं।