
पानापुर (सारण)। प्रखंड मुख्यालय स्थित ई-किसान भवन में शुक्रवार को प्राकृतिक खेती एवं समसामयिक कृषि विषयों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन आत्मा के उप परियोजना निदेशक शमशेर आलम एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी प्रदीप कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों को पौधे भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने, संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग तथा फसलों में कीट प्रबंधन की जानकारी दी गई। किसानों से रासायनिक खाद एवं अन्य रासायनिक इनपुट पर निर्भरता कम करने की अपील की गई। साथ ही जैविक खाद, जैव उर्वरक, जीवामृत एवं घनजीवामृत जैसे प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
आत्मा के उप परियोजना निदेशक शमशेर आलम ने किसानों को आत्मा योजना के तहत संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने प्रशिक्षण, किसान भ्रमण, प्रदर्शन एवं कृषि प्रसार कार्यक्रमों का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने आधुनिक और टिकाऊ कृषि तकनीकों को अपनाने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में प्रखंड तकनीकी प्रबंधक सत्यम कुमार, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी बबलू कुमार, कृषि समन्वयक सुनील द्विवेदी, हरिशंकर सिंह, रंजन पांडे, आत्मा अध्यक्ष हरेंद्र सिंह, बीस सूत्री उपाध्यक्ष अशोक कुशवाहा सहित अन्य पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।




Recent Comments