भीड़ को नियंत्रित करती पुलिस

मढ़ौरा(सारण)। गौरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ. एसएच-90 पर खालिसपुर मठिया के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने बुलेट मोटरसाइकिल और स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया.इस दुर्घटना में दो महीने पहले ही ब्याही गई एक नवविवाहिता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए.मृतका की पहचान इसुआपुर थाना क्षेत्र के बिशुनपुरा गांव निवासी दीपक कुमार की पत्नी रीना देवी के रूप में हुई है. रीना अपने देवर रणवीर कुमार सिंह के साथ छपरा से बीए की परीक्षा देकर बुलेट पर सवार होकर अपने घर लौट रही थी. इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे रीना की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं, हादसे की चपेट में आए स्कूटी सवार दो कारीगर राजेश और जहांगीर भी गंभीर रूप से घायल हो गए.घटना के बाद मौके पर कोहराम मच गया. सूचना मिलते ही गौरा और नगरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. महज दो महीने पहले बसी गृहस्थी और शादी की खुशियों के बीच इस आकस्मिक त्रासदी से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस मौके से फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है.