
मांझी(सारण)। आधा दर्जन पंचायतों के ग्रामीणों को मांझी प्रखंड मुख्यालय से जोड़ने वाला मांझी जैतपुर वाया सोनबरसा पथ लगभग चार दशक से जर्जर व जीर्ण शीर्ण अवस्था में राहगीरों की मुसीबत का सबब बना हुआ है। सड़क की बदहाली के लिए कथित रूप से जिम्मेवार जनप्रतिनिधियों के प्रति ग्रामीणों में जबरदस्त गुस्सा है। अमरनाथ तिवारी अनुज कुमार साह धर्मात्मा कुमार सिंह कुशवाहा सुजीत कुमार गिरी तथा सुनील कुमार गिरी आदि ग्रामीणों ने बताया कि छपरा सिवान मुख्य मार्ग से उत्तर तथा दक्षिण स्थित प्रखंड से जुड़े करीब दो दर्जन गांवों को यह मार्ग प्रखंड मुख्यालय से जोड़ता है। इसमें अधिकतर गांव दाउदपुर थाना क्षेत्र के हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उक्त सड़क वर्ष 1985 से लगातार उसी स्थिति में है। सड़क की जर्जर स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अन्य वाहनों को कौन कहे ट्रैक्टर भी इस रास्ते से आ जा नही सकते। पैदल यात्री व दो पहिया चालक आदि रोज ब रोज इस सड़क पर दुर्घटना के शिकार होते हैं। उक्त रास्ते होकर शव यात्रा निकलना भी बेहद कठिन है कई बार तो सड़क पर बने गड्ढों में असंतुलित होकर शव अर्थी से नीचे गिर जाता है। बीमार लोगों व प्रसव पीड़ित महिलाओं को अस्पताल लाने ले जाने में बेहद कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उक्त मार्ग की बदहाली के कारण सड़क किनारे के गांवों में लोग नए रिश्ते के लिए भी आने से परहेज करते हैं। सड़क की बुरी हालत देख कर नव निर्मित मांझी पूर्वी पंचायत के सरकार भवन में भी कोई जाना नही चाहता। यहां तक कि पुलिस की गश्ती टीम भी इस रास्ते आने जाने से परहेज करती है।
सड़क की गम्भीर समस्या से बुरी तरह प्रभाविय ग्रामीणों ने अनेक बार जन प्रतिनिधियों व सम्बन्धित नेताओं से सड़क निर्माण की गुहार लगाई। कई बार प्रखंड मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन भी आयोजित किये गए। बावजूद इसके सड़क की दशा नही सुधरी। थक हार कर विगत लोक सभा चुनाव में सोनबरसा सहित लगभग आधा दर्जन गांव के ग्रामीणों ने तीन बूथों पर मतदान का बहिष्कार कर दिया। एक भी वोट नही पड़े। ग्रामीणों ने बताया कि चुनाव पूर्व यदि सड़क का निर्माण शुरू नही किया गया तो आसन्न विधान सभा चुनाव में भी मतदान का बहिष्कार किया जाएगा। बताते चलें कि उक्त सड़क माँझी पूर्वी सोनबरसा बंगरा दाउदपुर जैतपुर लेजुआर बलेसरा तथा नसीरा पंचायत को जोड़ने वाला मुख्य सड़क है।
इस सम्बंध में पूछे जाने पर महाराज गंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने बताया कि सड़क निर्माण की दिशा में वे लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कर लिया गया है। तथा शीघ्र ही सड़क निर्माण का कार्य प्रारम्भ हो जाएगा।




Recent Comments