राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर छपरा में सेमिनार आयोजित

जिला जनसंपर्क पदाधिकारी की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन

पत्रकारों ने जन सरोकार की पत्रकारिता को रखा है जीवंत

छपरा। मंगलवार को राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जिला जनसंपर्क विभाग के तत्वावधान में डीपीआरओ कन्हैया कुमार की अध्यक्षता में सेमिनार का आयोजन किया गया।जिसमें पत्रकारिता के चुनौतीपूर्ण पेशे व जोखिम पर चर्चा व परिचर्चा की गई। इस दौरान सभी ने पत्रकारों की सुरक्षा को जरूरी बताया। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार ने कहा कि पत्रकारिता ने समाज में सजग प्रहरी की भूमिका हमेशा से निभाई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता बेहद जोखिम व खतरे भरे कार्य हो गए हैं, लेकिन पत्रकार जगत ही इन खतरों का डटकर सामना भी कर रहा है। सेमिनार का विषय “हु इज नॉट आफ्रेड फ्रॉम मीडिया” पर बोलते हुए डीपीआरओ ने कहा कि पारदर्शी तरीके से काम करने वाले लोग कभी मीडिया से नहीं डरते हैं। मीडिया का हमेशा सामना करते हैं। पत्रकारों के जनहित से संबंधित मुद्दों पर रिपोर्टिंग की उन्होंने सराहना की। कार्यक्रम के दौरान पत्रकार नीरज कुमार ने अपने पत्रकार बंधुओं को संबोधित करते हुए कहा कि चारों ओर बढ़ रहे खतरे के कारण पत्रकारिता चुनौतीपूर्ण व जोखिम भरा पेशा हो गया है। साथ ही व्यावसायिक खतरे भी बढ़ते जा रहे हैं। इन सबके बाद भी पत्रकारों ने जन सरोकारों की पत्रकारिता की जीवंत रखा है। एनयूजेआई के सारण जिला महासचिव राकेश कुमार सिंह ने कहा कि पारदर्शी तरीके से काम करने वाले लोगों को मीडिया से कोई परेशानी नहीं हैं। वरीय पत्रकार पंकज कुमार ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि जोखिम भरे खबरों के संकलन के समय पत्रकारों को अपने सहपाठी पत्रकारों को भी साथ व विश्वास में रखना चाहिये। एबीपीएसएस के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज कुमार सिंह ने कहा कि पत्रकार कभी बिकता नहीं है और जो बिक गया वो पत्रकार नहीं है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को अपनी आचरण में हमेशा निष्पक्षता बनाये रखना चाहिए।युवा पत्रकार कबीर अहमद ने कहा कि भ्रष्टाचारियों को बेनकाब करने के लिए आगे आने की जरूरत है, क्योंकि आज भ्रष्टाचार में लिप्त लोग प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से ईमानदार पत्रकारिता को प्रभावित करने के लिए तरह तरह के हथकंडे अपना रहे हैं और ईमानदार पत्रकारिता के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं।इसलिये ऐसे लोगों का परोक्ष रूप से पत्रकारिता में प्रवेश को रोकने की दिशा में भी हमे कार्य करना चाहिए।वहीं एबीपीएसएस के जिला संयोजक मनोकामना सिंह ने कहा कि पत्रकारों को किसी से डरने की जरूरत है न ही डराने की।आज के परिवेश में समाज का हर व्यक्ति जिसमें भ्रष्ट आचरण के धारक व पोषक भी चाहते हैं कि मीडिया को ईमानदारी से कार्य करना चाहिए और मीडिया से सभी ईमानदारी की अपेक्षा रखते हैं।इसलिये मीडिया का इस संक्रमण के दौर में जिम्मेदारी और बढ़ जाती है ।गोष्ठी में  राजीव कुमार, संतोष गुप्ता ,पंकज श्रीवास्तव व अन्य ने भी अपने विचार रखे।इस मौके पर डीएस तोमर, मनोरंजन पाठक, संजीव कुमार, संजीव शर्मा बीरेश सिंह व अन्य पत्रकार भी सेमिनार में शामिल हुये।