दैनिक खोज खबर/मैरवा(सिवान)। भारतीय राष्ट्रीय स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजों के साथ आजादी की लड़ाई में कुर्बानी देने वाली देश की वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई का जयंती समारोह मैरवा प्रखंड स्थित रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स अकादमी में धूम -धाम से मनाया गया ।इस अवसर पर अकादमी के पदाधिकारीयों एवं कर्मियों ने खिलाड़ियों द्वारा रानी लक्ष्मीबाई के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने रानी लक्ष्मीबाई के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके द्वारा देश के प्रति दिखाए गए प्रेम और कुर्बानी के पथ पर चलने का संकल्प लिया गया ।इस अवसर पर रानी लक्ष्मी बाई स्पोर्ट्स अकादमी की स्पोर्ट्स इंचार्ज सलमा खातून ने अपना विचार व्यक्त करते हुए देश के प्रति लक्ष्मीबाई के बलिदान को याद दिलाया एवं उनके त्याग एवं बलिदान की मिसाल खिलाड़ियों के सामने प्रस्तुत की ।वहीं हिंदी साहित्य के प्रख्यात विद्वान डॉक्टर शत्रुघन पांडे ने अपने कविताओं के माध्यम से रानी लक्ष्मीबाई के वीरगाथा प्रस्तुत किया जबकि शारीरिक शिक्षिका शमीम अरा तथा ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन के ए लाइसेंस कोच निधि कुमारी ने भी लक्ष्मीबाई की गाथाओं को प्रशिक्षुओं के समक्ष व्यक्त किया। इस अवसर पर अकादमी की खिलाड़ी वैष्णवी कुमारी, रिंकी कुमारी, पारो कुमारी, अंशु कुमारी सहित दर्जनों खिलाड़ियों ने कविता, गीत -संगीत प्रस्तुत कर लक्ष्मी बाई को श्रद्धा सुमन अर्पित किया।