सिवान(22 फरवरी 25)। भगवानपुर प्रखंड के कौड़ीयां टोले मलममलिया में हरेंद्र सिंह ने अपनी मां की तेरहवीं पर फलदार पौधा बांटकर एक मिशाल कायम किया। शनिवार को धर्मपरायण महिला स्व. लाखपातो देवी की तेरहवीं पर आयोजित श्रृद्धांजलि सभा पर आगत लोगों के बीच आम का सैकड़ो फलदार पौधा बांटकर उनके पुत्रों द्वारा श्रद्धा अर्पित की गई। इस कार्य का लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि धरा पर जीवन के लिए पेड़ का होना बहुत ही महत्वपूर्ण है और ऐसे मौके पर इस तरह का आयोजन समाज में एक संदेश देगा कि हर व्यक्ति को विशेष मौके पर पेड़ लगाना चाहिए। इसको लेकर मलमलिया निवासी हरेंद्र सिंह ने बताया कि 90 वर्षीय मेरी मां को जीवन के अन्तिम घड़ी में ऑक्सीजन की कमी से जूझना पड़ा था और कृत्रिम रूप से जो ऑक्सीजन दिया जा रहा था। इसको लेकर मेरे मन में एक सवाल पैदा हुआ कि धरती पर पेड़ों की संख्या को बढ़ाकर वायुमंडल में ऑक्सीजन की मात्रा को बढ़ाना जरूरी है। इसलिए अपनी मां के तेरहवीं के मौके पर आयोजित श्रृद्धांजलि कार्यक्रम में सैकड़ो फलदार आम का पौधा वितरण किया, इससे मन को काफी शांति मिली। इस मौके पर पूर्व वार्ड सदस्य व पैक्स अध्यक्ष श्रीराम सिंह मुन्ना, डॉ. अजय कु सिंह, शिक्षक आलोक कुमार सिंह, पर्यावरण संरक्षक अशोक सिंह, रविंद्र सिंह, बच्चा सिंह, विकाश कुमार, मंटू सिंह समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।