मांझी के चकिया गांव में विवाद सलटाने गयी पुलिस बल पर हमला में तीन पुलिस कर्मी घायल, कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची

मांझी(सारण) : मांझी थाना क्षेत्र के चकियाँ गांव में राजनाथ साह तथा राजू प्रसाद नाम के दो पक्षों का विवाद सलटाने पहुंची मांझी पुलिस पर एक पक्ष ने लाठी डंडा व तलवार से हमला कर दिया lजिसमें तीन पुलिस कर्मी घायल हो गए। सभी घायल पुलिस कर्मी कुछ देर तक लाचार व असहाय बने रहे बाद में सूचना पाकर पहुंचे थानाध्यक्ष नीरज मिश्रा ने तीनों घायलों को पीएचसी पहुंचाया जहां उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस पर हमले के आरोपी दो पुरुष व दो महिलाओं को मांझी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। घटना स्थल पर इंस्पेक्टर बी पी आलोक के अलावा एकमा दाउदपुर व रिविलगंज थाना पुलिस कैम्प कर रही है। घायलों में स अ नि विद्यानंद मिश्रा तथा होमगार्ड के जवान दिनेश व करीमन शामिल हैं।

मारपीट के बीच घायलों को लेकर जा रहे चालक जी डी सिंह को तलवार के बल पर गाड़ी से उतार कर भगा दिया गया तथा पुलिस जीप को फूंकने का असफल प्रयास किया गया। हिरासत में लिए गए लोगों में राजनाथ साह उनका दामाद तथा दो पुत्रियां शामिल है।