सिवान की प्रमुख खबरें पढ़िए एक साथ
परवेज अख़र (सिवान):-
सिवान : राज्य कर्मी के दर्जा देने के साथ ही समान कार्य समान वेतन की मांग को लेकर बिहार राज्य शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति के आह्वान पर सोमवार को नियोजित शिक्षकों की हड़ताल शुरू हो गया। इस दौरान कई विद्यालयों में ताला लटका रहा। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित रही। प्रखंडों में शिक्षकों ने बीआरसी पर प्रदर्शन कर एकजुटता का परिचय देते हुए मांगें पूरी होने तक हड़ताल पर
पर डटे रहने का निर्णय लिया। मैरवा प्रखंड में इस का पूरा असर दिखा। प्रखंड के 65 प्रारंभिक विद्यालयों में ताला लटका रहा। शनिवार को ही शिक्षकों ने बच्चों को इस हड़ताल की सूचना दे दी थी। कुछ विद्यालय में बच्चे आ कर वापस लौट गए। उत्क्रमित मध्य विद्यालय शीतलपुरा, मध्य विद्यालय मैरवा धाम, उत्क्रमित मध्य विद्यालय चित्तमठ तिवारी टोला, उत्क्रमित मध्य विद्यालय धम्मौर, प्राथमिक मकतब कोल्हुआ दरगाह, प्राथमिक विद्यालय सकरा, नया प्राथमिक विद्यालय सिसवा, उपाध्याय टोला नया प्राथमिक विद्यालय बभनौली, स्तरोन्नत मध्य विद्यालय मैरवा, समेत प्रखंड के प्रारंभिक विद्यालयों में ताला लटका रहा। बिहार परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष महबूब आलम ने कहा कि अभी भी समय है। सरकार को नियोजित शिक्षकों की मांगों पर विचार करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिना सम्मानजनक समझौता के एक इंच भी पीछे हटने का सवाल नहीं है। उधर टेट एसटेट संघ के प्रखंड अध्यक्ष आलोक कुमार मिश्र
ने भी संबोधित किया। भगवानपुर बीआरसी में शिक्षकों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन एवं नारेबाजी की। शिक्षक नेता प्रेम कुमार सिंह ने कहा कि सरकार दोहरी नीति को अपना नियोजित शिक्षकों के साथ भेदभाव करती है। नियोजित शिक्षक
समान काम समान वेतन के हकदार हैं। हमें भी नियमित शिक्षको के अनुरूप वेतन सहित अन्य सुविधा मिलनी चाहिए। मौके पर शिक्षक मनिंद्र कुमार, आनंद प्रभाकर, आनंद प्रकाश पांडेय, रजनीश मिश्रा, रघुशरण प्रसाद, मनोज शर्मा, सुरेश मांझी, राजेंद्र प्रसाद, अनवर अली, सागर कुमार, सुशांत कुमार, नौशाद रजा, तेरस राम, अशोक तिवारी, गीता कुमारी आदि शामिल थे। वहीं सिसवन में हड़ताल के दौरान शिक्षक नेता हरेंद्र यादव एवं प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष विनोद सिंह ने बताया कि शिक्षकों द्वारा शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक कार्य से अलग रहकर अनिश्चितकालीन हड़ताल में शामिल रहने व पदाधिकारियों की धमकी को नजरअंदाज कर निडर होकर चट्टानी एकता का परिचय देते हुए अनिश्चित हड़ताल पर डटे रहने का निर्णय लिया। नेताद्वय ने कहा कि मंगलवार को भी उनका हड़ताल जारी रहेगा।
नल का जल योजना के लाभ से वंचित लोगों ने किया हंगामा
हसनपुरा (सिवान) : प्रखंड के उसरी बुजुर्ग पंचायत के वार्ड 14 में हर घर नल का जल योजना के तहत पानी मुहैया नहीं कराए जाने व नली-गली से परेशान लोगों ने सोमवार को जमकर हंगामा किया। लोगों का कहना था कि वार्ड 14 से सटे वार्ड 13 में नल जल का कार्य हो रहा है। नल जल से वंचित आक्रोशित महिला-पुरुषों ने सोमवार को स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों पर हर घर नल का जल योजना के कार्य में शिथिलता बरते जाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों का कहना है कि 2014 में मुखिया द्वारा बोल कर एक चापाकल लगवाया गया था। जलस्तर नीचे जाने के कारण चापाकल पानी देना बंद कर दिया है, जिसके बावजूद ग्रामीण पानी के लिए तरस रहे हैं। हंगामा करने वालों में जवाहिर महतो, कृपासागर पांडा, रामअशीष महतो, मनोज कुमार, महतो, शकुंतला देवी, गुड़ी देवी, मीना देवी, दुलारी देवी, शिव कुमारी देवी, ध्रुवपति देवी, मीना देवी, प्रतिमा देवी, बासमती देवी, मीना देवी, चुनचुन देवी, सुनैना देवी, रीता देवी, गीता देवी सहित दर्जनों लोग शामिल थे।
भूमि विवाद को ले पिता-पुत्र पर प्राथमिकी
हुसैनगंज(सिवान) : थाना क्षेत्र के बड़रम पंचायत के टोला दाता नगर में रविवार की सुबह दो भाइयों के बीच भूमि विवाद सनाउद्दीन उर्फ दारा ने अपने बड़े भाई जियाउद्दीन शाह औऱ भाभी का सिर ईंट से फोड़ डाला। इस मामले में जियाउद्दीन शाह ने सोमवार को थाने में आवेदन देकर अपने भाई सनाउद्दीन उर्फ दारा तथा पुत्र गुलफाम को आरोपित किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अखिल भरतीय शाह अलवी समाज की बैठक
तरवारा (सिवान) : जीबी नगर थाना क्षेत्र के तरवारा बाजार स्थित अब्दुल करीम रिजवी के आवास पर सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष शबाना परवीन की अध्यक्षता में अखिल भरतीय शाह अलवी समाज की बैठक हुई। बैठक के दौरान शबाना परवीन ने बताया कि बड़हरिया विधान सभा क्षेत्र के राजकीय मध्य विद्यालय भलुवाड़ा के परिसर में 21 फरवरी को अखिल भरतीय शाह समाज की जन सभा का आयोजन होगी, जिसके मुख्य अतिथि कैसर जमाल जौहरी होंगे। जन सभा में शाह समाज (पसमांदा) के लोगों के उत्थान पर चर्चा की जाएगी।इस बैठक के दौरान सफीक शाह, ओमप्रकाश मांझी (सरपंच), मौलाना मोहम्मद अली, गुड्डू शाह समेत कई पसमांदा समाज के लोग उपस्थित थे।
बाइक की टक्कर से साइकिल सवार घायल
जीरादेई (सिवान) :थाना क्षेत्र के सिसहानी पुल के पास सोमवार को बाइक से धक्का लगने से साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए समाजसेवी राजकुमार पासी के सहयोग से मैरवा अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद बाइक चालक गाड़ी के साथ फरार हो गया। घायल युवक गोपालगंज जिले के एकडंगा निवासी वीरेंद्र यादव बताया जाता है। वह अपनी बहन से मिलने सिसहानी जा रहा था।
भूमि विवाद हुई मारपीट में दो महिला समेत तीन घायल
सिसवन (सिवान) : सिसवन थाना क्षेत्र के कौली छपरा गांव में रविवार की शाम दो पक्षों में भूमि विवाद को ले हुई मारपीट मे दो महिलाओं समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में राम मांझी की पत्नी विधावती देवी, विजय मांझी की पत्नी उषा देवी एवं विशाल मांझी शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया।
सड़क दुर्घटना में अधेड़ घायल
सिसवन (सिवान) : सिसवन थाना क्षेत्र के सिसवन-रघुनाथपुर मुख्य मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप सोमवार की सुबह बाइक की धक्के से एक अधेड़ व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल कचनार दियारा निवासी हीरा यादव है। उसका इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया।
महिला समेत दो गिरफ्तार
पचरुखी (सिवान): थाना में अलग-अलग मामले में महिला समेत दो लोगों ने पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी थानाध्यक्ष जयप्रकाश राय ने बताया कि पड़ौली निवासी अनिल माली तथा भागरती देवी को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया गया।
शिविर में जीवित प्रमाण का हुआ सत्यापन
पचरुखी (सिवान): प्रखंड क्षेत्र के सुरवाला पंचायत के बड़कागांव में सोमवार को शिविर लगाकर सभी वार्डों में मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन धारकों के जीवित प्रमाण पत्र का सत्यापन किया गया। कैंप में करीब 80 लोगों के प्रमाण पत्र जारी किया गया। सभी ने इस कार्य के लिए नजदीक में कैंप लगाए जाने की सराहना की। कार्यपालक सहायक सुरेश कुमार भगत ने बताया कि हर रोज एक गांव में कैंप लगाकर वृद्धजनों को सहायता देनी है।
कुछ नियोजित शिक्षक रहे ड्यूटी पर तो कुछ रहे हड़ताल में
हुसैनगंज(सिवान) : प्रखंड के सभी प्राथमिक विद्यालयों और मध्य विद्यालयों में पदस्थापित नियोजित शिक्षक सोमवार को अपनी पूर्व घोषणा के अनुसार हड़ताल पर रहे तो कुछ को मैट्रिक की परीक्षा में ड्यूटी करते देखे गए, लेकिन विद्याल में पठन पाठन पूर्णतः बंद रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रखंड के कई विद्यालयों में शिक्षकों ने ग्रुप बनाकर पहुंचे और विद्यालयों को बंद कराया। बीईओ का फ़ोन बंद था, लेकिन बीआरी बीआरपी नाजिर हुसैन ने बताया कि प्रखंड में कुल 96 विद्यालय हैं, जिसमें 12 बजे तक 10 से 11 विद्यालयों की खुलने की सूचना है। शेष विद्यालय बंद रहे।
सुकन्या समृद्धि योजना के लिए शिविर लगाकर खोला गया खाता
दारौंदा (सिवान) : भारतीय डाक विभाग द्वारा रुकुंदीपुर पंचायत भवन परिसर में सोमवार को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के तहत सुकन्या समृद्धि योजना के लिए शिविर आयोजित कर खाता खोला गया। शिविर के दौरान डाक अधीक्षक अरविंद कुमार ने ज्यादा से ज्यादा खाता खुलवाने का निर्देश संबंधित डाककर्मियों को दिया। उन्होंने बताया कि यह खाता एक हजार की राशि से खोला जाएगा। प्रत्येक वित्तीय वर्ष में न्यूनतम एक हजार से डेढ़ लाख रुपये तक की राशि जमा की जाएगी। खाता खोलने की तारीख से बालिका का 14 वर्ष उम्र पूरा होने पर खाते में रकम जमा की जा सकेगी। वहीं 21 वर्ष में परिपक्व राशि उसके माता-पिता को लौटा दिया जाएगा। मौके संजय साह, संजय कुमार राम, प्रमोद कुमार सिंह, शशि कुमार, पंकज सिंह, हरिशंकर सिंह आदि उपस्थित थे।
नकदी समेत लाखों की चोरी
जीरादेई (सिवान) : थाना क्षेत्र के ठेपहा उत्तर हरिजन टोला में एक स्वास्थ्य कर्मी घर से अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर नकदी सहित लाखों रुपये के जेवरात सहित अन्य सामानों की चोरी कर ली। घटना रविवार की रात की बताई जाती है। इस मामले में पीड़िता वीरेंद्र राम की पत्नी शैल देवी ने अज्ञात के विरुद्ध स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
पदाधिकारी ने किया दृष्टिबाधित प्रशिक्षण का निरीक्षण
दारौंदा (सिवान) : मध्य विद्यालय, दारौंदा में बिहार शिक्षा परियोजना के समावेशी शिक्षा प्रभाग अंतर्गत चल रहे 90 दिवसीय आवासीय विशेष प्रशिक्षण स्पर्श कार्यक्रम का पटना से आए अपर कार्यक्रम पदाधिकारी मो. मोबीन ने रविवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने आवासीय परिसर का भी अवलोकन किया। इसके बाद सभी बच्चों से एक-एक कर परिचय प्राप्त किया। बच्चों से ब्रेल लेखन व पठन के बारे में भी जानकारी ली। अपर कार्यक्रम पदाधिकारी ने कार्यक्रम के लक्ष्य के अनुरूप बच्चों का नामांकन और उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश संचालक और केंद्र प्रभारी को दिया। इस मौके पर समग्र शिक्षा अभियान के लेखापाल रंजीत कुमार, जिला समावेशी शिक्षा समन्वयक मनोज कुमार आदि उपस्थित थे।
स्वास्थ्य जांच शिविर में दी गई उचित परामर्श
हुसैनगंज(सिवान) : प्रखंड के सिंगारपट्टी मठ(नाथ धाम) परिसर में चल रहे सात दिवसीय श्री विश्वशांति महायज्ञ में प्रतिदिन पूजा अर्चना व
परिक्रमा को ले श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। वहीं वैदिक मंत्रोच्चारण से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। इस दौरान कृष्णमोहन उषा फाउंडेशन की ओर से स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें चिकित्सक डॉ. आशुतोष दिनेंद्र व डॉ. अविनाश चंद्र ने करीब 400 मरीजों की स्वास्थ्य जांचकर उचित परामर्श दिया। इस दौरान ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, ईसीजी, वजन, हिमोग्लोबिन, लिवर, किडनी आदि की नि:शुल्क जांच की गई।
खनन विभाग ने ओवरलोड पांच ट्रक किया जब्त
आंदर(सिवान) : जिला खनन पदाधिकारी उपेंद्र पासवान ने सोमवार की सुबह असांव थानाध्यक्ष ख़ुर्शीद आलम के सहयोग से तीयर मोड़ के समीप बालू लदा पांच ट्रक को जब्त कर लिया। बालू की पांचों ट्रकें ओवरलोड थे। ट्रकों को पकड़ने के बाद इसकी सूचना थाना को दिया। खनन पदाधिकारी ने पांचों ट्रकों पर जुर्माना लगाते हुए सभी ट्रकों को थाने में सुपुर्द कर दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी ट्रकें रघुनाथपुर से दरौली की ओर जा रहे थे। जिला खनन पदाधिकारी ने उनसे कागजात की मांग की। कागजात सहीं नहीं मिलने पर उनके ट्रक को जब्त कर लिया।
भूमि विवाद में वृद्धा को मारपीट कर किया घायल
हुसैनगंज(सिवान) : थाना क्षेत्र के बड़रम टोले पांडेयपुर में रविवार की शाम दो पट्टीदारों के बीच घर के सामने मिट्टी भरने को ले विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। मारपीट की घटना में एक वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल वृद्धा पवई देवी ने सोमवार को थाने में आवेदन देकर गांव के हीं किसनावती देवी, पंकज राम व बबीता कुमारी को आरोपित किया है। आवेदन के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।




Recent Comments