
परवेज अख्तर/सिवान: एसपी अभिनव कुमार के नेतृत्व में सदर एसडीपीओ जितेंद्र पांडेय, नगर थाना इंस्पेक्टर जयप्रकाश पंडित, मुफस्सिल थानाध्यक्ष रामविचार राम ने चार घंटे की मशक्कत के बाद रविवार की रात महादेवा ओपी के रामदेव नगर से शराब के नशे में महादेवा ओपी में तैनात एएसआइ लालबाबू मांझी को नशे की हालत में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के वक्त एएसआई लालबाबू माझी ने इतनी अधिक शराब पी रखी थी कि वह चल भी नहीं पा रहे थे। थानाध्यक्ष रामविचार राम ने बताया कि डीआइजी के पास किसी सूत्र द्वारा शराब के नशे में एएसआइ की होने की सूचना दी थी। जिसके आधार पर एसपी अभिनव कुमार ने एसडीपीओ के नेतृत्व में नगर थाना इंस्पेक्टर व मुफस्सिल थानाध्यक्ष को स्थल का पता कर एएसआइ को गिरफ्तार करने का आदेश दिया। जिसके बाद से हीं शहर एएसआइ की तालाशी जारी हुई। चार घंटे की मशक्कत के बाद जैसे हीं एएसआइ का मोबाइल खुला उसे रामदेव नगर से गिरफ्तार कर लिया गया। जिसके बाद उसे महादेवा ओपी लेकर आया गया और मुफस्सिल थानाध्यक्ष रामविचार राम को मेडिकल जांच कराने की जिम्मेवारी दी। सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने जांच के बाद एएसआइ के शराब पीने की पुष्टि की। इसके बाद एसपी के आदेश पर एएसआइ को गिरफ्तार कर लिया गया। जानकारी के अनुसार गिरफ्तारी के बाद एएसआई का सर्विस रिवाल्वर मुफस्सिल थानाध्यक्ष रामविचार राम ने ले लिया। शराबी एएसआइ की गिरफ्तारी के बाद पूरे पुलिस महकमे में खलबली मच गयी है।




Recent Comments