दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट :-
बेतिया। उन्नयन बिहार कार्यक्रम के तहत उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय कोहड़ा, योगापट्टी में स्मार्ट क्लास का उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री हरेन्द्र झा, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी माध्यमिक शिक्षा सह नोडल पदाधिकारी स्मार्ट क्लास संजीव कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन करके और रिबन काटकर कर किया। स्वागत गान गाकर छात्राओं ने अतिथियों का स्वागत किया। वही प्रधानाध्यापक शिव कुमार सिंह ने अंगवस्त्र और माल्यार्पण करके अतिथियों को सम्मानित किया। मुख्य अतिथि श्री झा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा आप सभी बच्चें स्वयं स्मार्ट बने और स्मार्ट क्लास से विषय वस्तु की जानकारी प्राप्त कर, अवल्ल मार्क्स प्राप्त करें। अब आप सभी छात्र- छात्राएं पाठ्य पुस्तक के पाठों की पढ़ाई टी०वी०, प्रोजेक्टर आदि के माध्यम से कर सकेंगे। इस प्रकार स्मार्ट क्लास से बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि उत्पन्न होगी और समझ भी विकसित होगी। उन्नयन कार्यक्रम के नोडल पदाधिकारी संजीव कुमार ने स्मार्ट क्लास के बारे में विस्तार से बताया और कहा मोबाईल एप, मेरा मोबाइल मेरा विद्यालय के द्वारा बच्चें बहुत सारे विषयों के प्रश्नों का हल स्वयं ढूंढ लेंगे। इस तरह ऑफ लाइन और ऑन लाइन माध्यम से कई विषयों के प्रश्नों का हल छात्र आसानी से ढूंढ सकते है। विद्यालयों में जिस विषय के शिक्षक नहीं है, उस विषय को स्मार्ट क्लास से माध्यम से पढ़ाया जा सकता है। इस तरह बच्चें शिक्षक के अभाव में विषयगत पढ़ाई से वंचित नहीं रहेंगे। वही राज्य संसाधन समूह साक्षरता की सदस्या मेरी एडलीन ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्नयन बिहार स्मार्ट क्लास से आप सभी छात्र ,-छात्राएं लाभान्वित होंगे। श्रव्य – दृश्य उपादान के माध्यम से आप सभी बच्चें विषय वस्तु को अच्छी तरह समझ सकेंगे। आप सभी छात्रगण विद्यालय में प्रतिदिन उपस्थित होकर स्मार्ट क्लास से लाभ उठाइये, निश्चिंत तौर पर आपको अपनी पढ़ाई आसान और रुचिकर लगेगी। विद्यालय के प्रधानाचार्य शिव कुमार सिंह ने कहा अब सरकारी विद्यालय के बच्चें भी निजी विद्यालयों के बच्चों की भांति स्मार्ट क्लास से पढ़ाई कर सकेंगे। विद्यालयों में शिक्षको की कमी से पढ़ाई बाधित नहीं होगी। विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्य जगरनाथ प्रसाद, अभय श्रीवास्तव, प्रमोद कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित किया। विद्यालय के शिक्षक संदीप कुमार, दीनानाथ चौधरी, युगलकिशोर प्रसाद, गौरीशंकर प्रसाद, संतोष कुमार चौधरी, भुनेश्वर साहनी, संजीत गिरी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महती भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों ने फलदार पौधे आम, लीची और अमरूद का पौधरोपण किया।