बांरा:कलक्टर डॉ. सिंह ने ग्राम पंचायत कडैयानोहर में रात्रि चौपाल में की जनसुनवाई
फ़िरोज़ खान
बारां, 6 जून। जिला कलक्टर डॉ. एस.पी. सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में सजग व जागरूक रहकर उनका पूरा लाभ प्राप्त किया जा सकता है, जागरूकता के अभाव में पात्र व्यक्ति भी लाभ से वंचित रह जाते है।
डॉ. सिंह पंचायत समिति छबड़ा की ग्राम पंचायत कडैयानोहर में सोमवार को आयोजित रात्रि चौपाल के तहत जनसुनवाई में ग्रामवासियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा गांव, गरीब एवं वंचित वर्ग के कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही है जिसका समुचित लाभ लेना चाहिए कई मर्तबा योजनाओं की जानकारी के अभाव में पात्र व्यक्ति भी उनका लाभ लेने से वंचित रह जाते है। उन्होंने ग्रामवासियों को किसी भी समस्या को लिखित मेें अटल सेवा केन्द्र पर ग्राम सचिव, ग्राम सेवक, पटवारी एवं सरपंच को प्रस्तुत कर उसकी रसीद लेने की बात कही, जिससे उक्त समस्या को सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज हो जाएगी और उसके निस्तारण हेतु प्रभावी कार्यवाही भी की जाएगी।
इस मौके पर जनसुनवाई में बिजली, पानी, सड़क, खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जोड़ने, अतिक्रमण हटाने समेत विभिन्न प्रकरणों की सुनवाई कर संबंधित विभाग के अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश प्रदान किए। कलक्टर डॉ. सिंह ने ग्रामवासियों को घर में शौचालय बनाने एवं उसका नियमित उपयोग करने की बात कही जिससे गांव स्वच्छ व स्वस्थ बने रहें। साथ ही उन्हांेने अधिकारियों को पं. दीनदयाल उपाध्याय पट्टा वितरण शिविर एवं राजस्व लोक अदालत शिविरों में अधिक से अधिक लोगों को राहत देने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी, विकास अधिकारी, सरपंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पटवारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद थे।




Recent Comments