कलक्टर डॉ. सिंह ने ग्राम भ्रमण के तहत तिसाया में की जनसुनवाई 
फ़िरोज़ खान
बारां, 6 जून। जिला कलक्टर डॉ. एस.पी. सिंह ने कहा कि आमजन की मूलभूत सेवाओं बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं का त्वरित निस्तारण कर राहत दी जानी चाहिए।
डॉ. सिंह मंगलवार को ग्राम भ्रमण कार्यक्रम के तहत पंचायत समिति मांगरोल की ग्राम पंचायत तिसाया के अटल सेवा केन्द्र में आयोजित जनसुनवाई को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आमजन की बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य आदि से संबंधित समस्त समस्याओं को अटल सेवा केन्द्र पर लिखित में दर्ज करवाकर उसकी रसीद दी जानी चाहिए जिससे समस्या को ऑनलाइन सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज कर उसके निस्तारण हेतु की गई कार्यवाही की मॉनीटरिंग की जा सके। जनसुनवाई में बीपीएल सूची में नाम जुड़वाने, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पंजीकृत करने, अतिक्रमण हटाने समेत विभिन्न समस्याओं के निस्तारण हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
कलक्टर डॉ. सिंह ने ग्रामवासियों को केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं का समुचित लाभ लेने के लिए आधार कार्ड व भामाशाह कार्ड बनवाने की अपील करते हुए कहा कि सभी को घरों में शौचालय का निर्माण करवाकर नियमित उपयोग करना चाहिए जिससे गांव स्वच्छ व स्वस्थ बना रहे। साथ ही उन्होंने महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत सभी को काम देने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर सरंपच, उपखंड अधिकारी एच.आर. मेहरा, विकास अधिकारी हरिशचन्द्र मीणा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामवासी एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
उप स्वास्थ्य केन्द्र का किया अवलोकन
कलक्टर डॉ. सिंह ने ग्राम पंचायत तिसाया में ग्राम भ्रमण के दौरान उपस्वास्थ्य केन्द्र का अवलोकन कर एएनएम से दवाओं की उपलब्धता, उपस्थिति रजिस्टर आदि के संबंध में जानकारी ली। जिस पर एएनएम ने बताया कि स्वास्थ्य केन्द्र में बिजली का कनेक्शन नहीं है एवं चारदीवारी भी नहीं बनी हुई है इस पर कलक्टर डॉ. सिंह ने स्वयं सहयोग की पहल करते हुए आमजन को प्रेरित किया जिस पर जनसहयोग से 7 हजार 500 रूपए एकत्र करते हुए सहायक अभियंता जेवीवीएनएल सीसवाली को विद्युत कनेक्शन करने हेतु निर्देश भी दिए गए। इस मौके पर उपखंड अधिकारी एच.आर. मेहरा, विकास अधिकारी हरिशचन्द्र मीणा आदि मौजूद थे।