पूर्वी उत्तर प्रदेश के तीन महत्व पूर्ण पुलों के क्षतिग्रस्त होने के बाद जय प्रभा सेतु पर अचानक भारी वाहनों का दबाव

मांझी(सारण): पूर्वी उत्तर प्रदेश के तीन महत्व पूर्ण पुलों के क्षतिग्रस्त होने के बाद जय प्रभा सेतु पर अचानक भारी वाहनों का दबाव बढ़ गया है। पिछले 24 घण्टे से पुल पर दो कतार में भारी वाहन फंसे खड़े हैं।

पुल पर क्षमता से अधिक का दबाव इस सेतु के लिए भी खतरे का सबब बन सकता है। मालूम हो की भारी वाहनों के अनियमित परिचालन तथा सड़क की जर्जर स्थिति होने के कारण गंगा नदी पर बना बक्सर तथा गाजीपुर का पुल क्षतिग्रस्त हो चुका है। तथा उन पुलों पर भारी वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया गया है। इसके अलावा बलिया व देवरिया जिले को जोड़ने वाला सरयू नदी पर बना सेतु भी ध्वस्त होने के कगार पर है। इन तीन पुलों से होकर गुजरने वाले भारी वाहनों का परिचालन मांझी होकर कराया जा रहा है। यही सारण जिले व खासकर छपरा शहर व रिविलगंज के लिए परेशानी का कारण बन बैठा है। प्रशासन इस हालात से निबटने में सफल नही हो पा रहा है। बलिया जिले के बैरिया से छपरा शहर की लगभग तीस किमी लम्बी सड़क पर हजारों भारी वाहन फंसे पड़े हैं। वाहन संचालक बुरी तरह परेशान हैं। उक्त मार्ग पर रुक रुक कर छोटे वाहनों का परिचालन हो पा रहा है। जगह जगह वाहन संचालक व राहगीर अथवा आसपास के ग्रामीणों के बीच तु तु मैं मैं देखा जा रहा है।